10g सोना ₹1.33 लाख और 1 किलो चांदी ₹1.95 लाख के ऑल टाइम हाई पर

सोना ₹4,114 और चांदी ₹6,899 महंगी
नई दिल्ली
सोने और चांदी की कीमत आज (12 दिसंबर) ऑल टाइम पर पहुंच गईं। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम सोने की कीमत 4,114 बढ़कर 1,32,710 हो गई है, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है।
गुरुवार को इसकी कीमत 1,28,596 रुपए प्रति 10 ग्राम थी। इससे पहले 17 अक्टूबर को सोने की कीमत 1,30,874 रुपए के अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर थी।
चांदी तीन दिन में 16,287 महंगी हुई
वहीं, चांदी के दाम 6,899 बढ़कर 1,95,180 रुपए किलो हो गई है। ये लगातार तीसरे दिन अपने ऑल टाइम हाई पर है। इससे पहले गुरुवार को चांदी ₹1,88,281/kg और बुधवार को ₹1,86,350/kg के ऑल टाइम हाई पर थी। यानी तीन दिन में ये 16,287 रुपए महंगी हुई है।
अलग-अलग शहरों में रेट्स अलग क्यों होते हैं?
IBJA की सोने की कीमतों में 3% GST, मेकिंग चार्ज, ज्वेलर्स मार्जिन शामिल नहीं होता। इसलिए शहरों के रेट्स इससे अलग होते हैं। इन रेट्स का इस्तेमाल RBI सोवरेन गोल्ड बॉन्ड के रेट तय करने के लिए करता है। कई बैंक गोल्ड लोन के रेट तय करने के लिए इसे इस्तेमाल करते हैं।
इस साल सोना ₹56,548 और चांदी ₹1,09,163 महंगी हुई
- इस साल अब तक सोने की कीमत 56,548 रुपए बढ़ी है। 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 76,162 रुपए का था, जो अब 1,32,710 रुपए हो गया है।
- चांदी का भाव भी इस दौरान 1,09,163 रुपए बढ़ गया है। 31 दिसंबर 2024 को एक किलो चांदी की कीमत 86,017 रुपए थी, जो अब 1,95,180 रुपए प्रति किलो हो गई है।
गोल्ड में तेजी के 3 प्रमुख कारण
- डॉलर कमजोर – अमेरिका के ब्याज दर घटाने से डॉलर कमजोर हुआ और सोने की होल्डिंग कॉस्ट कम हुई, इससे लोग खरीदने लगे।
- जियोपॉलिटिकल – रूस-यूक्रेन जंग और दुनिया में तनाव बढ़ने से निवेशक सोने को सबसे सुरक्षित निवेश मानकर खरीद रहे हैं।
- रिजर्व बैंक – चीन जैसे देश अपने रिजर्व बैंक में सोना भर रहे हैं, ये सालभर में 900 टन से ज्यादा खरीदारी कर रहे हैं, इसलिए दाम ऊपर जा रहे हैं।




