भक्ति और प्रकाश से झिलमिलाया बचेली घाट – उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व संपन्न


चार दिवसीय आस्था के पर्व में डूबा नगर, शानदार रोशनी और व्यवस्थाओं ने बढ़ाया आकर्षण
दुर्जन सिंह
बचेली। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा मंगलवार , 28 अक्टूबर की सुबह उदयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ पूर्ण भक्ति भाव से संपन्न हुआ। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व की पवित्रता और अनुशासन ने पूरे नगर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

सुबह-सुबह साम्प्लेक्स नाला घाट पर श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ी। घाट पर व्रतधारियों ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर 36 घंटे के निर्जला व्रत का समापन किया।

इस बार घाट पर अच्छी व्यवस्थाएं देखने को मिलीं। नगर पालिका बचेली द्वारा प्रकाश व्यवस्था, सजावट, स्वच्छता और सुरक्षा की बेहतरीन तैयारी की गई थी। विशेष रूप से नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल और सीएमओ पी.टी.एम. कृष्ण राव की देखरेख में घाट में शेड निर्माण बनाया गया था, घाट को सुंदर रोशनी, रंगीन झालरों और सजावटी सेट से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण दिव्य और आलोकित दिख रहा था।
श्रद्धालु परिवारों ने दीप प्रज्वलित कर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया और वातावरण भक्ति संगीत व भजनों से गूंज उठा। अर्घ्य के बाद प्रसाद वितरण और आतिशबाजियों ने उत्सव को और भी रंगीन बना दिया।
छठ घाट पर भक्तों की भीड़, रोशनी की चमक और नगर पालिका की उत्कृष्ट व्यवस्था ने इस वर्ष का छठ पर्व यादगार बना दिया।




