राजस्थान में शीतलहर का अलर्ट, बीकानेर में तापमान 4.7°

भोपाल-इंदौर में पारा 9 डिग्री से नीचे, बिहार में कोहरे से 11 फ्लाइट लेट
पहाड़ी राज्यों में दिसंबर की शुरुआत से बर्फबारी का मौसम बन रहा है। इसके चलते मैदानी इलाकों में सर्दी बढ़ने लगी है। मध्य प्रदेश में कल से तापमान और गिर सकता है। इसका असर इंदौर, ग्वालियर, चंबल, उज्जैन और सागर संभाग में सबसे ज्यादा रहेगा और सर्दी बढ़ेगी। इससे पहले मंगलवार को भोपाल और इंदौर में न्यूनतम पारा 9 डिग्री से नीचे रहा।
राजस्थान में आज से अगले 3 दिन शीतलहर की चेतावनी है। चूरू, झुंझुनूं और सीकर में कोल्डवेव का यलो अलर्ट रहेगा। मंगलवार को सबसे कम तापमान बीकानेर के पास लूणकरणसर में 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इधर हिमाचल में कड़ाके की सर्दी पड़ने लगी है। राज्य के 24 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। लाहौल स्पीति के ताबो में बीती रात इस सीजन की सबसे ठंडी रिकॉर्ड की गई। यहां का तापमान माइनस 8 डिग्री रहा। उधर बिहार में पटना, गोपालगंज, बेतिया और समस्तीपुर समेत 8 जिलों में कोहरा छाया हुआ है। बेगूसराय में बादल छाए रहे। लो विजिबिलिटी के चलते 11 फ्लाइट लेट रहीं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज होगी।




