छत्तीसगढ़

भांसी में भक्ति की अविरल धारा: मनोकामेश्वर महादेव मंदिर का स्थापना दिवस एवं बजरंगबली की प्राण-प्रतिष्ठा

वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और भजन-कीर्तन से गूंजा मंदिर परिसर; सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भंडारे में ग्रहण किया प्रसाद

दुर्जन सिंह

बचेली/भाँसी। ग्राम भांसी की मुख्य सड़क पर स्थित भगवान भोलेनाथ के पावन धाम मनोकामेश्वर महादेव मंदिर में 24 फरवरी 2026, मंगलवार को श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। अवसर था मंदिर के जीर्णोद्धार के प्रथम स्थापना दिवस का तथा नवनिर्मित मंदिर में बजरंगबली (हनुमान जी) की प्रतिमा की विधि-विधान से प्राण-प्रतिष्ठा का।

सुबह से ही मंदिर प्रांगण में धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हो गई थी। वैदिक पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना एवं हवन के साथ भगवान भोलेनाथ के स्थापना दिवस का आयोजन किया गया। तत्पश्चात पूर्ण वैदिक रीति-रिवाजों के साथ बजरंगबली जी की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा सम्पन्न कराई गई। पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्तिभाव का अद्भुत संचार हो रहा था।

इस पावन अवसर पर ग्राम भांसी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए। मंदिर परिसर भक्तों की भीड़ से खचाखच भरा रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे अनुष्ठान में श्रद्धापूर्वक सहभागिता निभाई और जय श्रीराम व हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान बचेली से पधारी भागवत भजन मंडली द्वारा भजन-कीर्तन की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिससे मंदिर परिसर देर तक गूंजता रहा। भक्ति गीतों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

प्राण-प्रतिष्ठा के पश्चात सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया गया। साथ ही शिव मंदिर समिति, भांसी द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बचेली, किरंदुल, दंतेवाड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, दानदाताओं एवं सेवा-भाव से जुड़े कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

भक्ति, सेवा और सामूहिक सहयोग का यह आयोजन ग्राम भांसी के लिए आध्यात्मिक उत्सव के रूप में यादगार बन गया।

Related Articles

Back to top button