छत्तीसगढ़

NMDC बचेली में स्थापना दिवस: दीर्घकालीन सेवा पुरस्कार के रूप में स्वर्ण सिक्कों का वितरण

20 से 35 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले 105 कर्मचारियों को स्वर्ण सम्मान प्रदान

दुर्जन सिंह


बचेली। nmdc एनएमडीसी के 68वें स्थापना दिवस के अवसर पर बचेली कॉम्प्लेक्स में भव्य समारोह आयोजित किया गया, जिसमें संस्थान के विकास और प्रगति में लंबे समय से योगदान दे रहे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दीर्घकालीन सेवा सम्मान प्रदान किए गए। सेवा-वर्षों के आधार पर कर्मचारियों को स्वर्ण सिक्कों के रूप में सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न सेवा श्रेणियों के अनुसार कुल 105 अधिकारियों व कर्मचारियों को निम्नानुसार स्वर्ण सम्मान प्रदान किए गए। 20 वर्ष सेवा पूर्ण किये 43 कर्मचारियों को 5 ग्राम स्वर्ण सिक्का, 25 वर्ष सेवा पूर्ण – 15 कर्मचारियों को 10 ग्राम, 30 वर्ष सेवा पूर्ण 28 कर्मचारियों को 20 ग्राम स्वर्ण सिक्का, 35 वर्ष सेवा पूर्ण –19 कर्मचारियों को 25 ग्राम स्वर्ण सिक्का प्रदान किया गया। सभी कर्मचारी व अधिकारियो ने अपने परिवार के साथ उपस्थित होकर मंच पर प्राप्त किया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्थापना दिवस के इतिहास और महत्ता पर प्रकाश डालते हुए की गई। वक्ताओं ने कहा कि पिछले 68 वर्षों में एनएमडीसी ने न केवल उत्पादन, तकनीकी गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों में उत्कृष्ट पहचान बनाई है, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
दीर्घ सेवा सम्मान प्राप्त कर कर्मचारी गौरवान्वित व उत्साहित नज़र आए।

कार्यक्रम का आकर्षण डीएव्ही पब्लिक स्कूल , केंद्रीय विद्यालय, प्रकाश विद्यालय, व बाल शिखर विद्या मंदि के बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिसने कार्यक्रम में रंग भर दिए।

इस दौरान कार्यक्रम में खनन मुख्य महाप्रबंधक शिवा कुमार, प्लांट सीजीएम जी. गोगाई, मानव संसाधन महाप्रबंधक महेश नायर, वित्त महाप्रबंधक अजय द्विवेदी, सिविल उपमहाप्रबंधक के.पी. बंसोड़, इंटक सचिव आशीष यादव, अध्यक्ष चंद्र कुमार मंडावी, एसकेएमएस सचिव टीजे शंकर राव एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारियों बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
एसकेएमएस सचिव टी.जे. शंकरराव एवं इंटक सचिव आशीष यादव ने संयुक्त रूप से सुझाव देते मांग किया गया कि जिस तरह स्थापना दिवस का मुख्य आयोजन प्रत्येक वर्ष हैदराबाद में भव्यता से किया जाता है, उसी प्रकार आगामी वर्षों में सभी परियोजनाओं में क्रमवार बड़े स्तर पर स्थापना समारोह आयोजित किए जाएँ। इससे सभी परियोजनाओं में उच्च अधिकारियों की नियमित उपस्थिति होगी, कर्मचारी–अधिकारी संवाद बेहतर होगा, और संस्थान के अंदर आपसी संबंध और मजबूत बनेंगे।

इंटक अध्यक्ष चंद्र कुमार मंडावी ने स्वर्ण सम्मान को विशिष्ट बताते हुए कहा यह मात्र सोना नहीं है, यह एनएमडीसी की छाप है, हमारे संस्थान द्वारा कर्मचारियों की निष्ठा, परिश्रम और वर्षों की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह सम्मान उन उपलब्धियों की पहचान है जो हमारे कर्मचारियों ने अपने पसीने और समर्पण से गढ़ी हैं।

अंत में सभी उपस्थितजनों के लिए भोजन की विशेष व्यवस्था की गई।

Related Articles

Back to top button