सुभाषनगर FOH कॉलोनी स्थित कुंदकेश्वर महादेव मंदिर में कन्या भोज का आयोजन


अष्टमी पर मंदिर में गूंजे जयकारे, कन्या पूजन और भंडारे में दिखी अपार श्रद्धा

– दुर्जन सिंह
बचेली। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर अष्टमी के दिन 26 मार्च, गुरुवार को बचेली नगर के सुभाष नगर के समीप स्थित एफओएच कॉलोनी के कुंदकेश्वर महादेव शिव मंदिर में कन्या भोज का भव्य एवं दिव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र को भक्ति, श्रद्धा और सेवा भावना से ओतप्रोत कर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना और कन्याओं के पूजन के साथ हुई। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां छोटी-छोटी कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनके चरण पखारे गए, तिलक लगाया गया और पूरे सम्मान के साथ उन्हें भोजन कराया गया। इस दौरान भक्तों के चेहरों पर आस्था और संतोष स्पष्ट झलक रहा था। कन्या भोज में पारंपरिक व्यंजनों की सुंदर व्यवस्था की गई थी, जिसमें पूड़ी, चना, हलवा सहित विभिन्न स्वादिष्ट प्रसाद शामिल थे। आयोजकों ने पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ कन्याओं की सेवा की, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और जयकारों की गूंज से वातावरण दिव्य हो उठा। “जय माता दी” के उद्घोष के साथ पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर नजर आया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिला मंडल और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पुण्य कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।



