छत्तीसगढ़

हनुमान जन्मोत्सव पर बैलाडीला की हनुमान टेकरी में गूंजा जय श्री राम का जयघोष

भक्तो की भीड़, हवन-पूजन और महाभंडारे से भक्तिमय हुआ पूरा क्षेत्र

दुर्जन सिंह

बचेली। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर 2 अप्रैल, गुरुवार को बैलाडीला पहाड़ियों में स्थित प्रसिद्ध हनुमान टेकरी में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। नगर से लगभग 5 किलोमीटर दूर, एनएमडीसी बचेली परियोजना के आकाशनगर मार्ग पर मोड़ नंबर 3 व 4 के बीच स्थित इस धार्मिक स्थल में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
इस अवसर पर रामायण मंडली द्वारा अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण जय श्री राम और जय हनुमान के जयघोष से गूंज उठा। विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना और हवन सम्पन्न कराया गया। अखंड पाठ के समापन के बाद हवन हुआ और तत्पश्चात भव्य महाभंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस आयोजन में एनएमडीसी के अधिकारी एवं कर्मचारी, बचेली और किरंदुल नगर के सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। विशेष रूप से दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, एनएमडीसी बचेली के मुख्य महाप्रबंधक श्रीधर कोडाली, तेजस्वनी महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी कोडाली, उत्पादन महाप्रबंधक टी. शिवा कुमार, सिविल उपमहाप्रबंधक सीताराम डहरिया, केपी सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे और पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया।

हनुमान टेकरी, जो बैलाडीला की पहाड़ी पर स्थित है, अपनी प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक आस्था के लिए विशेष पहचान रखती है। पहाड़ी रास्तों और मोड़ों को पार कर भक्त यहां पहुंचते हैं, जहां चट्टानों पर स्थापित बजरंगबली की प्रतिमा श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है।

नगर के विभिन्न मंदिरों में भी हुआ भव्य आयोजन-

हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर बचेली नगर के विभिन्न मंदिरों में भी धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रही। गौरव पथ स्थित बजरंग चैक हनुमान मंदिर, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पंचमुखी हनुमान मंदिर में हवन-पूजन और महाभंडारे का आयोजन हुआ। इसके अलावा आरईएस कॉलोनी दुर्गा मंदिर परिसर, पुराना मार्केट स्थित शिव-हनुमान मंदिर, राम मंदिर एवं आकाशनगर के हनुमान मंदिर में भी विशेष पूजा-अर्चना और भंडारे का आयोजन किया गया। भक्तों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ हनुमान जन्मोत्सव में भाग लिया, जिससे पूरा नगर राममय और भक्तिमय हो उठा।

Related Articles

Back to top button