मीडिया कॉलोनी सोनडोंगरी में रंगमंच का भूमिपूजन, प्रेस क्लब पदाधिकारी रहे शामिल


रायपुर। हनुमान जयंती के शुभ अवसर पर मीडिया कॉलोनी सोनडोंगरी में रंगमंच निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कॉलोनीवासियों के साथ रायपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, पार्षद भगत हरबंस, महासचिव गौरव शर्मा, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस दौरान अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि रंगमंच बनने से क्षेत्र में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक सुसज्जित मंच उपलब्ध होगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि एक वर्ष के भीतर निर्माण कार्य पूरा कर लोकार्पण किया जाएगा।
पार्षद भगत हरबंस ने कॉलोनी को क्षेत्र की सबसे व्यवस्थित कॉलोनी बताते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने शमशान घाट मार्ग को बंद कराने और पेयजल सप्लाई लाइन जल्द उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

मीडिया कॉलोनी अध्यक्ष मदनलाल बघेल ने लंबे समय से रंगमंच की मांग पूरी होने पर सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रेस क्लब पदाधिकारियों का गमछा व श्रीफल देकर सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जीवराखन लाल उसारे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन दीपक बावनकर ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार दमाहे जी का जन्मदिन भी केक काटकर मनाया गया।
कार्यक्रम में पूर्व उपाध्यक्ष निश्चय शर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं कॉलोनीवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




