छत्तीसगढ़

अस्मिता खेलो इंडिया राज्य स्तरीय वेटलिफ्टिंग में बचेली की बेटियों का दमदार प्रदर्शन

0 स्वर्ण और रजत पदकों पर कब्जा
0 ऋषिका ने जीता स्वर्ण, अंजलि और दीपाली ने दिलाया रजत, रायपुर में आयेाजित प्रतियेागिता 125 खिलाड़ियो ने लिया था भाग

दुर्जन सिंह
बचेली।
छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय अस्मिता खेलो इंडिया वेट लिफ्टिंग एक दिवसीय चैंपियनशिप का आयोजन 1 मार्च को रायपुर के महुदा झीट पाटन में किया गया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दंतेवाड़ा जिले के बचेली नगर की खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल कर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया।

प्रतियोगिता में कोच नंदकिशोर साहू के नेतृत्व में बचेली के खिलाड़ियों ने भाग लिया और शानदार उपलब्धियां दर्ज कीं। ऋषिका कश्यप ने जूनियर 77 किलोग्राम वर्ग में कुल 126 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता, साथ ही सीनियर 77 किलोग्राम वर्ग में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। अंजलि कर्मा ने जूनियर 63 किलोग्राम वर्ग में 97 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। दीपाली सरकार ने सीनियर 86 किलोग्राम वर्ग में 123 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक प्राप्त किया। इसके अलावा क्षिप्रा विश्वास व नेहा गोलदार ने भी बेहतर प्रदर्शन किया।

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कुल 125 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से दंतेवाड़ा जिले के बचेली नगर से 5 खिलाड़ियों ने भागीदारी की। सभी खिलाड़ियों ने अनुशासन और मेहनत का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विजेता खिलाड़ियों को सांसद विजय बघेल द्वारा मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि दंतेवाड़ा जिला, बचेली नगर और पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरव की बात है। खिलाड़ियों की यह सफलता यह दर्शाती है कि समर्पण, सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत से किसी भी मंच पर सफलता हासिल की जा सकती है। बचेली की इन बेटियों ने साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती।

Related Articles

Back to top button