दंतेवाड़ा जिला स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में डीएवी पब्लिक स्कूल बचेली के छात्रों ने प्राप्त किया प्रथम स्थान

दुर्जन सिंह
बचेली दंतेवाडा। 8 फरवरी 2026 को विज्ञान दिवस के अवसर पर दंतेवाड़ा जिला स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें डीएवी पब्लिक स्कूल बचेली के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं जिले का नाम गोरवान्वित किया।
विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा “स्मार्ट गॉगल्स फॉर विजुअली इंपेयर्ड पर्सन” विषय पर आधारित एक अभिनव एवं समाजोपयोगी विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किया गया। इस मॉडल को कक्षा नवमी के मास्टर आदित्य शर्मा, मास्टर साहिल कुमार वासुदेव तथा कक्षा ग्यारहवीं के मास्टर जयंत कुमार ने मिलकर तैयार किया। यह मॉडल आधुनिक तकनीक पर आधारित है, जिसका उद्देश्य दृष्टि बाधित व्यक्तियों के दैनिक जीवन को अधिक सुरक्षित एवं सरल बनाना है। निर्णायक मंडल द्वारा मॉडल की उपयोगिता प्रस्तुति एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण की भूरी भूरी प्रशंसा की गई।
इस परियोजना के निर्माण एवं सफल प्रस्तुति में विद्यालय के मार्गदर्शक शिक्षक श्री दीपायन (टीजीटी विज्ञान) का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनके कुशल मार्गदर्शन से छात्रों ने यह उपलब्धि हासिल की।
इस गौरवपूर्ण सफलता पर विद्यालय के प्राचार्य श्री हरीश कांत पाठक ने छात्रों एवं मार्गदर्शन शिक्षक को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच नवाचार क्षमता तथा शिक्षकों के सतत परिश्रम का परिणाम है। साथ ही उन्होंने छात्रों को भविष्य में भी इसी प्रकार समाज हित में उपयोगी एवं तकनीक आधारित परियोजनाओं पर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के समस्त शिक्षक गण एवं अभिभावकों ने भी छात्रों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।




