NMDC किरंदुल में रिपब्लिक डे दौड़ में शामिल हुई विश्व मुक्केबाज चैंपियन निखत जरीन

उन्होंने बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह

दुर्जन सिंह
बचेली/किरंदुल। एनएमडीसी बैलाडीला लौह अयस्क खदान, किरंदुल द्वारा हैदराबाद रनर्स सोसायटी के सहयोग से रविवार प्रातः कर्मचारियों, उनके परिजनों, सीआईएसएफ कार्मिकों तथा परियोजना क्षेत्र के आसपास निवासरत स्थानीय समुदाय के लिए 5 किमी / 10 किमी दौड़ का आयोजन किया गया।
दौड़ का शुभारंभ किरंदुल फुटबॉल ग्राउंड से हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ भाग लिया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि रविंद्र नारायण, परियोजना प्रमुख, किरंदुल मौजूद रहे। एनएमडीसी की ब्रांड एंबेसडर, प्रख्यात खिलाड़ी एवं विश्व चैंपियन मुक्केबाज़ सुश्री निखत ज़रीन ने सम्माननीय अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

सुश्री निखत ज़रीन ने रवीन्द्र नारायण, अधिशासी निदेशक (किरंदुल परियोजना), श्री के. पी. सिंह, मुख्य महाप्रबंधक (उत्पादन) तथा श्रीमती नमिता नारायण, अध्यक्ष, प्रेरणा महिला समिति, किरंदुल के साथ मिलकर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। समय से दौड़ पूरी करने वाले प्रतिभागियों को मेडल भेंट कर हौसला अफजाई की गई।
किरंदुल परियोजना के प्रमुख एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रवीन्द्र नारायण ने सुश्री निखत ज़रीन का स्वागत करने के बाद अपने संबोधन में कहा कि आज की भाग-दौड़ भरी जिंदगी में कुछ समय अपने लिए निकाल कर शरीर को स्वस्थ और तंदुरूस्त रखना अत्यंत आवश्यक है। दौड़ना केवल शारीरिक व्यायाम ही नहीं बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी उपयुक्त है। यह शरीर की क्षमताओं, मानसिक स्वास्थ्य दोनों को बेहतर बनाता है।
परियोजना प्रमुख नारायण ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने हेतु एनएमडीसी द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।
इस अवसर पर एकत्रित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए सुश्री निखत ज़रीन ने कहा कि यह एनएमडीसी की बैलाडीला परियोजना की उनकी पहली यात्रा है और एनएमडीसी के मदर प्रोजेक्ट का भ्रमण कर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने कहा कि यहां का प्राकृतिक वातावरण एवं पारिस्थितिकी खेल प्रतिभाओं के विकास के लिए अत्यंत अनुकूल है तथा उन्हें विश्वास है कि इस क्षेत्र से भविष्य में विश्व स्तरीय खिलाड़ी उभर सकते हैं।
आयोजन के दौरान किरंदुल स्थित विभिन्न विद्यालयों के खेल प्रशिक्षकों ने भी सहयोग किया। प्रेरणा महिला समिति की महिला सदस्यों के साथ ही स्कूली बच्चों की सहभागिता की भी खासी सराहना हुई।
इस अवसर पर किरंदुल नगर के गणमान्य नागरिकों समेत, विभिन्न विभागाध्यक्ष विशेष रूप से उपस्थित थे।




