छत्तीसगढ़

दुर्घटना के बाद आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने वाले आरोपी को किया गया गिरफ्तार

दुर्जन सिंह

बचेली/गीदम पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा श्री गौरव राय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राम कुमार बर्मन तथा एसडीओपी बारसूर श्री गोविंद दीवान के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी गीदम निरीक्षक अमित बेरिया के नेतृत्व में थाना गीदम पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने एवं धमकी देने के गंभीर प्रकरण में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

थाना गीदम में अपराध क्रमांक 56/2026 धारा 115(2), 296, 351(3), 108 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। विवेचना में ज्ञात हुआ कि दिनांक 11.06.2026 को बंजारी घाटी के पास ट्रक एवं मर्सिडीज कार के बीच सड़क दुर्घटना हुई थी। दुर्घटना के बाद कार चालक द्वारा ट्रक चालक ताम्रध्वज साहू उर्फ सोनू के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट करते हुए वाहन क्षति के नाम पर पैसे की मांग की गई तथा पैसे नहीं देने पर जान से मारने एवं परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई।

घटना से मानसिक रूप से आहत एवं भयभीत होकर मृतक ने अगले दिन फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पूर्व उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर घटना एवं प्रताड़ना से संबंधित कई वीडियो भी अपलोड किए थे।

विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के कथन, सोशल मीडिया वीडियो, मोबाइल स्क्रीनशॉट एवं अन्य डिजिटल साक्ष्य एकत्रित किए गए। पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर मर्सिडीज कार चालक सागर हेमला (उम्र 42 वर्ष), निवासी गंगालूर बेस कैम्प, थाना गंगालूर, जिला बीजापुर को दिनांक 26.06.2026 को गिरफ्तार किया गया।

आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। प्रकरण की विवेचना जारी है।

Related Articles

Back to top button