छत्तीसगढ़

चिकित्सा में आधुनिक तकनीक के साथ डॉक्टर का मानवीय स्पर्श भी जरूरी: राज्यपाल रमेन डेका

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) रोगों की पहचान और उपचार में अहम भूमिका निभा रही हैं, लेकिन ये चिकित्सक के अनुभव, मानवीय संवेदनशीलता और शारीरिक परीक्षण का स्थान नही ले सकतीं। चिकित्सा सेवा में तकनीकी दक्षता के साथ रोगी के प्रति संवेदनशील व्यवहार और मानवीय जुड़ाव भी जरूरी है।

राज्यपाल डेका ने यह बात अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर में इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन (IRIA) की छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के 16वें वार्षिक सम्मेलन के उद्घाटन अवसर पर कही। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में एम्स रायपुर के कार्यपालक निदेशक एवं CEO लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल, IRIA के अध्यक्ष डॉ. पुष्पराज भटले, छत्तीसगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र के. बूधे सहित वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट, फैकल्टी सदस्य और रेजिडेंट डॉक्टर मौजूद रहे।

एक्स-रे से MRI तक रेडियोलॉजी का विस्तार

अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि एक्स-रे का आविष्कार चिकित्सा विज्ञान के इतिहास में महत्वपूर्ण बदलाव लेकर आया। इसके बाद रेडियोलॉजी ने रोगों की पहचान और उपचार को नई दिशा दी। आज यह क्षेत्र एक्स-रे से आगे बढ़कर अल्ट्रासाउंड, MRI और कई अत्याधुनिक इमेजिंग तकनीकों तक पहुंच चुका है। इन सुविधाओं से रोगों का निदान पहले की तुलना में अधिक प्रभावी हुआ है।

उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक सर्जरी और आधुनिक उपकरण चिकित्सा क्षेत्र के लिए उपयोगी हैं, लेकिन इनके संचालन और सही इस्तेमाल के पीछे मानव मस्तिष्क, कौशल तथा अनुभव की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। चिकित्सकों को तकनीक का उपयोग विवेक और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए।

रोगी से संवाद और शारीरिक परीक्षण का महत्व

राज्यपाल ने रोगियों के शारीरिक परीक्षण और चिकित्सक के साथ उनके संवाद को उपचार का अहम हिस्सा बताया। उनके अनुसार, डॉक्टर का व्यवहार, बातचीत और बारीकी से किया गया परीक्षण रोगी के मन में भरोसा पैदा करता है। आधुनिक इमेजिंग सुविधाओं के साथ चिकित्सकीय अनुभव और सूक्ष्म अवलोकन भी सटीक निदान के लिए जरूरी हैं।

इस संदर्भ में उन्होंने प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. बिधानचंद्र रॉय का उदाहरण देते हुए चिकित्सा क्षेत्र में अनुभव और चिकित्सकीय अंतर्दृष्टि के महत्व पर जोर दिया।

दूरस्थ इलाकों में AI से मिल सकती है मदद

श्री डेका ने कहा कि इंटरनेट और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी तकनीकें ग्रामीण तथा दूरस्थ क्षेत्रों में समय पर चिकित्सा परामर्श और उपचार उपलब्ध कराने में सहायक हो सकती हैं। खासकर आपातकालीन परिस्थितियों में इनका उपयोग जीवन बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

डिजिटल लत और मानसिक स्वास्थ्य पर भी जताई चिंता

राज्यपाल ने डिजिटल लत और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने तकनीक के संतुलित उपयोग, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञों से परामर्श लेने को प्रोत्साहित किया।

उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर खुलकर बात करना और समय रहते सहायता लेना जरूरी है। चिकित्सकों को रोगियों के साथ भरोसेमंद संवाद स्थापित करना चाहिए, ताकि वे अपनी परेशानियां बिना संकोच साझा कर सकें।

चिकित्सा सेवा में संवेदनशीलता और विश्वास जरूरी

राज्यपाल ने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल रोग का उपचार करने तक सीमित नही है। इसमें संवेदनशीलता, विश्वास और सेवा भावना की भी अहम भूमिका होती है। डॉक्टरों को रोगियों को अपनी बात रखने का पूरा अवसर देना चाहिए और उनके साथ मानवीय व्यवहार बनाए रखना चाहिए।

सम्मेलन के आयोजकों ने राज्यपाल के मार्गदर्शन के लिए आभार जताया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया। इस आयोजन में प्रदेशभर से आए रेडियोलॉजिस्ट रेडियोलॉजी और मेडिकल इमेजिंग के क्षेत्र में नई तकनीकों तथा हालिया प्रगति पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button