छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों के लिए जरूरी आदेश, 31 अक्टूबर तक पूरे करने होंगे तनाव प्रबंधन और योग निद्रा के 2 कोर्स

छत्तीसगढ़ : शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण अनिवार्य कर दिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देश के मुताबिक, सभी सरकारी कर्मचारियों को 31 अक्टूबर 2026 तक आईगॉट कर्मयोगी पोर्टल पर दो निर्धारित पाठ्यक्रम पूरे करने होंगे। इस आदेश के दायरे में राजपत्रित और अराजपत्रित, दोनों श्रेणियों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।
तनाव प्रबंधन और योग निद्रा का प्रशिक्षण अनिवार्य
अक्टूबर महीने के लिए निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रम में कार्यस्थल पर तनाव प्रबंधन और स्ट्रेस मैनेजमेंट थ्रू मेडिटेशन एंड योग निद्रा नाम के दो पाठ्यक्रम शामिल किए गए हैं। इन दोनों कोर्स को मिशन कर्मयोगी के तहत संचालित किया जा रहा है।सरकार का उद्देश्य कर्मचारियों को कार्यस्थल पर तनाव से निपटने के तरीके सिखाना, मानसिक एकाग्रता बढ़ाना और कामकाज के दौरान बेहतर संतुलन विकसित करने में मदद करना है।
सभी विभागों को जारी किए गए निर्देश
सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में सभी विभागों, विभागाध्यक्षों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत संबंधित अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों का निर्धारित समयसीमा में प्रशिक्षण पूरा कराना सुनिश्चित करना होगा।
कार्यकुशलता बढ़ाने पर जोर
मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों की कार्यक्षमता में सुधार करना और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है। प्रशिक्षण के माध्यम से कर्मचारियों को तनाव प्रबंधन, ध्यान और योग निद्रा से जुड़ी जानकारी दी जाएगी, ताकि वे कार्यस्थल पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।सरकारी निर्देश के अनुसार, सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को 31 अक्टूबर 2026 तक दोनों पाठ्यक्रम पूरे करने होंगे।



