जनजातीय गौरव दिवस पर PM मोदी का बड़ा बयान, बोले- माओवादी आतंकवाद से देश को मिली छुट्टी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश के धार में आयोजित कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आदिवासी समाज के विकास, देश की सांस्कृतिक विरासत और माओवादी आतंकवाद के मुद्दे पर अपनी बात रखी। प्रधानमंत्री ने कहा कि माओवादी आतंकवाद से देश को छुट्टी मिली है और यह आदिवासी समाज के लिए बड़ी राहत की बात है।
बस्तर में बदलाव का किया जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ के बस्तर का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस क्षेत्र में कभी जाने से लोग डरते थे, वहां उन्होंने इस बार दिवाली मनाई। उन्होंने कहा कि अब बस्तर में त्योहारों की रोशनी के साथ लोगों के जीवन में उम्मीद की नई किरण भी पहुंच रही है।
मोदी ने कहा कि आदिवासी अंचल अब देश की तरक्की में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत अब राष्ट्रीय उत्सव का रूप ले चुकी है। इस अवसर पर देशभर में दो लाख से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
विपक्ष पर साधा निशाना, स्वदेशी विरासत पर दिया जोर
प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि पहले देश में कई दिवस और उत्सव विदेशी नजरिए से तय होते थे। अब भारत अपनी विरासत और महान नायकों को स्वदेशी स्वाभिमान के साथ याद कर रहा है।
धार में 2500 करोड़ की पाइपलाइन परियोजना का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान सरदारपुर में करीब 2500 करोड़ रुपए की पाइपलाइन परियोजना का लोकार्पण किया गया। प्रधानमंत्री ने अपने पिछले जन्मदिन का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने वह दिन धार के पीएम मित्र पार्क में मनाया था।
उन्होंने कहा कि पीएम मित्र पार्क से करीब तीन लाख किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही मां नर्मदा के आशीर्वाद से एक हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही। प्रधानमंत्री के अनुसार, 1300 करोड़ रुपए की इस परियोजना से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।




