नौकरी छोड़ने के बदले कंपनी दे रही 11 लाख रुपये, 23 साल के इंजीनियर के सामने बड़ा सवाल

Voluntary Exit Offer: नौकरी पाने के लिए जहां युवा सालों तक मेहनत करते हैं, वहीं एक कंपनी अपने कर्मचारियों को इस्तीफा देने के बदले मोटी रकम देने का ऑफर दे रही है। इस प्रस्ताव ने कर्मचारियों के बीच नई चर्चा छेड़ दी है। मामला हैदराबाद के एक 23 वर्षीय इंजीनियर से जुड़ा है, जिसे कंपनी की ओर से नौकरी छोड़ने के बदले करीब 11 लाख रुपये देने की पेशकश की गई है। इंजीनियर ने अपनी इस स्थिति को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लोगों से सलाह मांगी है कि उसे यह रकम स्वीकार कर लेनी चाहिए या नौकरी जारी रखनी चाहिए।
क्या है कंपनी का वॉलंटरी एग्जिट ऑफर?
दरअसल, कंपनी ने कर्मचारियों के लिए वॉलंटरी एग्जिट ऑफर पेश किया है। इस योजना के तहत जो कर्मचारी अपनी इच्छा से नौकरी छोड़ने का फैसला करेंगे, उन्हें तीन महीने की पूरी सैलरी दी जाएगी। भुगतान की राशि संबंधित कर्मचारी के वेतन के आधार पर तय होगी। यानी जिसकी जितनी मासिक सैलरी है, उसे उसी हिसाब से तीन महीने का वेतन मिलेगा।
11 लाख रुपये के प्रस्ताव ने बढ़ाई इंजीनियर की उलझन
हैदराबाद में रहने वाले 23 वर्षीय इंजीनियर को जब कंपनी की ओर से 11 लाख रुपये लेकर नौकरी छोड़ने का विकल्प मिला, तो वह असमंजस में पड़ गया। उसने सोशल मीडिया पर अपनी स्थिति साझा करते हुए यूजर्स से पूछा कि क्या उसे इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लेना चाहिए या फिर मौजूदा नौकरी में बने रहना बेहतर होगा।उसकी पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस विषय को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। लोग अपने अनुभव के आधार पर अलग-अलग राय दे रहे हैं।
सोशल मीडिया पर नौकरी छोड़ने के फैसले को लेकर बहस
इस मामले के वायरल होने के बाद कई यूजर्स ने इंजीनियर को ऑफर स्वीकार नहीं करने की सलाह दी है। उनका मानना है कि मौजूदा समय में नई नौकरी तलाशना आसान नहीं है। ऐसे में केवल तीन महीने की सैलरी के बदले स्थायी आय का विकल्प छोड़ना जल्दबाजी हो सकती है।वहीं, इस घटना ने दूसरे कर्मचारियों के बीच भी भविष्य की नौकरी को लेकर चिंता बढ़ा दी है। कई लोग यह सोचने लगे हैं कि कंपनी की ओर से आगे किस कर्मचारी को ऐसा प्रस्ताव मिल सकता है। फिलहाल, 11 लाख रुपये के इस ऑफर को लेकर इंजीनियर का अंतिम फैसला सामने नहीं आया है।




