बचेली में छठ पर्व हर्षोल्लास से मना, डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य

सेंप्लेक्स नाला घाट पर बड़ी संख्या मे उमड़े श्रद्धालु , उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ आज संपन्न होगा चार दिवसीय पर्व
दुर्जन सिंह
बचेली। लौह नगरी बचेली में लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ! 14 नवंबर, रविवार को एनएमडीसी केंद्रीय कर्मशाला के समीप स्थित सेंप्लेक्स नाला घाट पर छठ पूजा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। छठव्रती महिलाओं ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया।

दोपहर से ही घाट पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। शाम होते-होते पूरा घाट छठी मैया के जयकारों और भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। महिलाओं ने जल में खड़े होकर सूर्यदेव की आराधना की तथा सूप और पारंपरिक बांस के दउरा में फल, नारियल, गन्ना एवं अन्य पूजन सामग्री सजाकर अर्घ्य अर्पित किया। घाट पर दीपों की रोशनी और छठ गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

छठ पर्व संतान की सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली और संतान की दीर्घायु की कामना के लिए किया जाता है। इस दौरान व्रती महिलाएं कठिन निर्जला उपवास रखकर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ छठी मैया एवं सूर्यदेव की उपासना करती हैं।

बचेली में निवासरत उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के साथ स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक पर्व में भाग लिया। घाट पर महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं की सहभागिता से छठ महापर्व ने सामाजिक एकता और सांस्कृतिक सौहार्द का सुंदर संदेश दिया। आज सुबह सोमवार को व्रती महिलाएं उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा और लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत पारण के साथ पूरा होगा।





