छत्तीसगढ़

माओवादी नेटवर्क फिर खड़ा करने की कोशिश नाकाम, 8 लाख के इनामी DVCM चंदर समेत पांच गिरफ्तार

 कांकेर : छत्तीसगढ़ के उत्तर बस्तर में कमजोर पड़ चुके माओवादी संगठन को दोबारा सक्रिय करने की कोशिश पर पुलिस ने कार्रवाई की है। कांकेर जिले के मेंड्रा इलाके के जंगलों से पांच माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए लोगों में आठ लाख रुपये का इनामी माओवादी DVCM चंदर कतलाम भी शामिल है। वहीं, उनका एक साथी मंगेश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, माओवादी क्षेत्र के ग्रामीणों की बैठक आयोजित कर संगठन को फिर से मजबूत करने की योजना बना रहे थे। इसी बीच पुलिस को इसकी सूचना मिल गई। मुखबिरी के आधार पर मेंड्रा इलाके में कार्रवाई की गई और पांचों को पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार माओवादियों की पहचान चंदर कतलाम (DVCM), मंगलू (पड्डा काकानार एरिया कमांडर), मनीषा परचापी, रमशीला और सनकी के रूप में हुई है। सभी को गोंडाहूर थाना लाया गया है। बताया जा रहा है कि ये पांचों 28 नवंबर की दोपहर से पुलिस हिरासत में है।

ग्रामीणों से संपर्क बढ़ाकर संगठन खड़ा करने की थी योजना

सूत्रों के अनुसार, उत्तर बस्तर में कमजोर हो चुके माओवादी नेटवर्क को दोबारा सक्रिय करने के लिए ग्रामीणों की बैठक बुलाने की तैयारी की जा रही थी। इस बैठक के जरिए गांवों में संपर्क बढ़ाने और संगठन की गतिविधियों को फिर से गति देने की रणनीति थी।

हालांकि, बैठक आयोजित होने से पहले ही पुलिस को इसकी जानकारी मिल गई। इसके बाद मेंड्रा क्षेत्र में दबिश देकर पांच माओवादियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से संगठन की दोबारा पैर जमाने की कोशिश को झटका लगा है।

आठ लाख के इनामी DVCM चंदर की गिरफ्तारी बड़ी कामयाबी

इस कार्रवाई में चंदर कतलाम की गिरफ्तारी को सबसे अहम माना जा रहा है। माओवादी संगठन में वह डिविजनल कमेटी मेंबर (DVCM) के पद पर सक्रिय बताया जाता है। उस पर आठ लाख रुपये का इनाम घोषित था।

वहीं, गिरफ्तार मंगलू पड्डा काकानार क्षेत्र का एरिया कमांडर बताया गया है। संगठन में इन दोनों की भूमिका को देखते हुए उनकी गिरफ्तारी को उत्तर बस्तर में माओवादी नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

AK-47 और SLR बरामद होने की भी जानकारी

कार्रवाई के दौरान हथियारों की बरामदगी को लेकर भी चर्चा है। सूत्रों का दावा है कि पुलिस ने एक AK-47 और एक SLR बरामद की है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि दोनों हथियार किसके कब्जे से मिले।

हिरासत में कथित मारपीट की बात भी आई सामने

गिरफ्तारी के बाद हिरासत में माओवादियों के साथ कथित मारपीट किए जाने की बात भी सामने आ रही है। यह जानकारी सूत्रों के हवाले से दी जा रही है, लेकिन इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। गिरफ्तारी के दौरान की परिस्थितियों और हिरासत में उनके साथ हुए व्यवहार को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

Related Articles

Back to top button