छत्तीसगढ़

रायपुर में शुरू हुआ एक महीने का स्वच्छता अभियान, विधायक और महापौर ने खुद झाड़ू लगाकर दिया जनभागीदारी का संदेश

 रायपुर। राजधानी में स्वच्छता को लेकर लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने और शहरवासियों को सफाई अभियानों से जोड़ने के उद्देश्य से एक महीने के ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ की शुरुआत हो गई है। अभियान के पहले दिन रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

कलेक्टोरेट परिसर के पास स्थित छत्तीसगढ़ महतारी और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं के आसपास सफाई की गई। अभियान में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा और नगर निगम महापौर मीनल चौबे ने खुद झाड़ू लगाकर श्रमदान किया। जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी के जरिए लोगों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक शहर के अलग अलग हिस्सों में चलेगा अभियान

नगर निगम क्षेत्र में यह विशेष जनजागरूकता अभियान 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान केवल सफाई तक सीमित न रहते हुए नागरिकों को स्वच्छता और जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।

शासन और जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में हो रहा आयोजन

अभियान का संचालन राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देश तथा रायपुर जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। नगर निगम के अलग अलग जोन और वार्ड स्तर पर गतिविधियों को आगे बढ़ाने की तैयारी की गई है।

जनप्रतिनिधियों के साथ निगम के अधिकारी भी रहे मौजूद

शुरुआती कार्यक्रम में नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ सहित एमआईसी सदस्य गायत्री चंद्राकर, संजना हियाल, संतोष साहू, अमर गिदवानी, खेमकुमार सेन, भोला राम साहू और अवतार सिंह बागल मौजूद रहे।

इसके अलावा विभिन्न जोन के अध्यक्ष मुरली शर्मा, बद्री प्रसाद गुप्ता, प्रीतम सिंह ठाकुर और सचिन बी. मेघानी भी अभियान में शामिल हुए। अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, उपायुक्त जसदेव सिंह बाबरा समेत निगम के अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी श्रमदान किया।

वार्ड और जोन स्तर पर होंगी स्वच्छता और जनहित से जुड़ी गतिविधियां

प्रशासन के अनुसार पूरे एक महीने तक रायपुर के अलग अलग वार्डों और जोन में कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े कार्यक्रम शामिल होंगे।

अभियान का उद्देश्य शहरवासियों को केवल सफाई कार्यक्रमों से जोड़ना ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा के जीवन में स्वच्छता को आदत और सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में स्थापित करना भी है। जनसहभागिता के जरिए रायपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की दिशा में लगातार गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

Related Articles

Back to top button