नगर पालिका बचेली में ‘सेवा से संकल्प अभियान’ के तहत बस स्टैंड परिसर में चलाया गया विशेष स्वच्छता अभियान

दुर्जन सिंह
बचेली (जिला दंतेवाडा): नगर पालिका परिषद बचेली द्वारा ‘सेवा से संकल्प अभियान’ के तहत नगरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज, 1 अक्टूबर 2026 को नगर के मुख्य बस स्टैंड परिसर में विशेष सफाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों और नगर पालिका की टीम ने मिलकर बस स्टैंड परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता कार्य किया।
आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल, पीआईसी के स्वच्छता प्रभारी धनसिंह नाग तथा विधायक प्रतिनिधि निलेश पाटले विशेष रूप से मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और पालिका कर्मियों ने स्वयं सफाई कार्य में हाथ बंटाते हुए नागरिकों, व्यापारियों तथा यात्रियों को अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने और कचरा तय स्थानों पर ही फेंकने का संदेश दिया।

नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल ने कहा कि शहर को सुंदर और रोगमुक्त रखने के लिए हर नागरिक का सहयोग जरूरी है। वहीं, स्वच्छता प्रभारी धनसिंह नाग और विधायक प्रतिनिधि निलेश पाटले ने भी आमजन से अपील की कि वे इस ‘सेवा से संकल्प अभियान’ से जुड़कर बचेली को स्वच्छ और सुंदर बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

इस दौरान नगर पालिका की स्वच्छता टीम के कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।




