बचेली एनएमडीसी ने शासकीय कन्या विद्यालय की छात्राओं के लिए स्कूल बस की व्यवस्था की

बस मिलने से छात्राओं में खुशी की लहर
दुर्जन सिंह,
बचेली। (दंतेवाड़ा जिला) एनएमडीसी बचेली कॉम्प्लेक्स द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बचेली की छात्राओं की आवागमन सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्कूल बस की व्यवस्था की गई। विद्यालय पुराना मार्केट, बचेली में स्थित है, जहाँ कक्षा 6वीं से 12वीं तक लगभग 200 छात्राएँ अध्ययनरत हैं। इनमें अधिकतर अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति की छात्राएँ शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। विद्यालय से 2 से 4 किलोमीटर की दूरी पर स्थित चिंगड़ूपारा, पटेलपारा, मांझीपारा, पोटाकेबिन, जोगापारा, मुंड़रा कैम्प, रेल्वे कॉलोनी, बड़ेपारा तथा बंगाली कैम्प आदि क्षेत्रों से छात्राएँ प्रतिदिन विद्यालय आती-जाती हैं। इनमें कई छात्राएँ पहले 2 से 4 किलोमीटर की दूरी पैदल ही विद्यालय आने-जाने के कारण समय एवं स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करती थीं।
एनएमडीसी बचेली के मानव संसाधन विभाग से श्रीमती अलका सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) एवं श्रीमती मालती बढ़ई, प्रबंधक (मानव संसाधन) द्वारा स्कूल भवन एवं बस सुविधा का निरीक्षण दिनांक 06 अक्टूबर 2026 को किया गया। इस अवसर पर प्राचार्या श्रीमती चंद्रकला ठाकुर तथा छात्राओं द्वारा भी उनका स्वागत किया गया। एनएमडीसी की दोनों अधिकारियों के समक्ष प्राचार्या द्वारा स्कूल भवन का अवलोकन कराया गया एवं उन्होंने छत्राओं के साथ संवाद किया। इस अवसर पर स्कूल की ओर से नया कन्या स्कूल भवन बनाने हेतु मुख्य महाप्रबंधक बचेली के नाम आवेदन पत्र दिया गया। इस अवसर पर स्कूल के सभी शिक्षक एवं छात्राएं उपस्तिथ रहे।
छात्राओं के लिए स्कूल बस की मांग पिछले एक वर्ष से की जा रही थी। एनएमडीसी द्वारा बस उपलब्ध कराए जाने से अब दूर-दराज से आने वाली छात्राओं को आवागमन में सुविधा मिल रही है। इससे उनका समय और श्रम बच रहा है तथा वे नियमित रूप से विद्यालय पहुँचकर मन लगाकर अपनी पढ़ाई कर पा रही हैं।
एनएमडीसी की इस पहल से छात्राओं में खुशी का माहौल है। यह सुविधा बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनके सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।






