छत्तीसगढ़

बचेली में 60 फीट के रावण का दहन, आतिशबाजी से जगमगाया आसमान


दशहरा उत्सव का 49वां वर्ष रहा खास, हजारों लोगों की मौजूदगी में राम-रावण की झांकी, आदिवासी और छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य ने मोहा मन

बचेली- दुर्जन सिंह
बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक विजयादशमी पर्व पर बचेली नगर में दशहरा उत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। केंद्रीय विद्यालय फुटबॉल मैदान में मंगलवार, 21 अक्टूबर को आयोजित इस भव्य समारोह में हजारों की संख्या में नगरवासी शामिल हुए। छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा समिति द्वारा आयोजित दशहरा उत्सव का यह 49वां वर्ष रहा। समारोह में 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। पुतला दहन के बाद हुई शानदार आतिशबाजी ने आसमान को रोशनी से भर दिया और पूरा मैदान उत्सव के रंग में नजर आया।

कार्यक्रम में एनएमडीसी बचेली परियोजना के प्रमुख श्रीधर कोडाली मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि उत्पादन विभाग के मुख्य महाप्रबंधक टी. शिवा कुमार विशिष्ट अतिथि रहे। नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल ने समारोह की अध्यक्षता की। पूरे आयोजन का प्रायोजन एनएमडीसी बचेली द्वारा किया गया।

राम-रावण की झांकी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

दशहरा उत्सव के दौरान राम-रावण की आकर्षक झांकी निकाली गई। मैदान में मेले जैसा माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम का आनंद लेने पहुंचे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मया के डोर की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं आदिवासी नृत्य और छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने स्थानीय संस्कृति और परंपरा की खूबसूरती को मंच पर जीवंत कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान रावण के पुतले के निर्माण में योगदान देने वाले कलाकारों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। आयोजन में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सहभागिता का सुंदर संगम देखने को मिला। मया के डोर के संचालक कुशल साहु को भी सम्मानित किया गया।

समारोह में सीआरपीएफ 230वीं बटालियन के कमांडेंट रवि शंकर, सीआईएसएफ बचेली के कमांडेंट आशीष कुमार, नगर पालिका के सीएमओ पीटीएम कृष्णाराव, वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रितेष कुमार पांडे, एनएमडीसी सिविल विभाग के उपमहाप्रबंधक एसआर डहरिया, एसकेएमएस यूनियन के सचिव जागेश्वर प्रसाद, इंटक सचिव आशीष यादव और महिला साहू समाज की प्रदेश सचिव बीना साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समिति के महासचिव दिनेश साहू, भूपेन्द्र साहु, डी साहु, आरके साहु व अन्य पदाधिकारी व सदस्य इस आयेाजन में योगदान दिया। कार्यक्रम का संचालन कीर्तन साहू ने किया।

सुरक्षा और पार्किंग की रही बेहतर व्यवस्था-

दशहरा उत्सव में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए नगर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। नगर निरीक्षक अर्जुन पटेल पुलिस दलबल के साथ तैनात रहे। मैदान के मुख्य प्रवेश द्वार के पास वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए पहले से व्यवस्था की गई थी। मैदान में विभिन्न व्यंजनो के स्टाॅल लगाए गए थे।

Related Articles

Back to top button