छत्तीसगढ़

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ दौरे की तैयारियां तेज, लोकभवन में अधिकारियों की बैठक

 रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 22 और 23 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी सिलसिले में लोकभवन में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान लोकभवन में की जाने वाली व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। साथ ही संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।

पार्किंग, बिजली और इंटरनेट व्यवस्था पर जोर

बैठक में लोकभवन परिसर में बैठक व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग तथा बिजली और इंटरनेट की निर्बाध उपलब्धता सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी जरूरी सुविधाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं, ताकि राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।

सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाओं की भी समीक्षा

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए चिकित्सा सुविधाओं, सुरक्षा इंतजामों और प्रोटोकॉल के अनुरूप वाहनों की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।बैठक में जनसंपर्क विभाग के संचालक आशीष कुमार टिकरिहा, रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम रायपुर, सामान्य प्रशासन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button