छत्तीसगढ़

विदाई से पहले छत्तीसगढ़ में मानसून का रौद्र रूप, खारुन नदी पुल के ऊपर से बह रही; 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

छत्तीसगढ़ :  मानसून की विदाई से पहले बारिश ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। चक्रवात अर्नब के प्रभाव के चलते राज्य के कई हिस्सों में लगातार तेज बारिश हो रही है। रायपुर, बस्तर और दुर्ग संभाग में भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। राजधानी रायपुर समेत कई बड़े शहरों में बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है।

रायपुर में खारुन नदी का जलस्तर बढ़ने से हालात चिंताजनक हो गए हैं। महादेव घाट के पास नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने लगा है, जिसके चलते इस मार्ग पर आवागमन रोकना पड़ा है।

रायपुर में 69 MM तो जगदलपुर में 246 MM बारिश

छत्तीसगढ़ के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे में रायपुर में 69 MM बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और कई निचले इलाकों में पानी भर गया है।

बस्तर संभाग में बारिश का असर और ज्यादा देखने को मिला। जगदलपुर में बीते 24 घंटे के दौरान 246 MM बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए डिप्टी सीएम अरुण साव का कांकेर दौरा भी रद्द कर दिया गया।

28 साल बाद गंगरेल डैम के सभी 14 गेट खोले गए

लगातार बारिश के कारण बस्तर में नदी और बांधों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। इंद्रावती नदी पर बने खातीगुड़ा डैम और सहायक नदी मुरान के बांध के गेट खोले जाने के बाद आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बनने की जानकारी सामने आई है।

बताया गया है कि करीब 300 गांव बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। वहीं धमतरी जिले के गंगरेल डैम के सभी 14 गेट करीब 28 साल बाद खोले गए। बांध से लगभग 2.5 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने की जानकारी दी गई है।

हाईवे से रेल लाइन तक बारिश का असर

भारी बारिश का असर सड़क और रेल यातायात पर भी दिखाई दे रहा है। नेशनल हाईवे-30 पर रायपुर-कोंटा मार्ग और NH-63 पर जगदलपुर-बीजापुर-भोपालपट्टनम मार्ग के कई हिस्सों में आवागमन बाधित होने की खबर है।इसके अलावा किरंदुल-कोत्तावालसा रेल लाइन पर चार स्थानों पर लैंडस्लाइड की वजह से ट्रैक को नुकसान पहुंचा है। इससे रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है।

भारी बारिश के चलते फ्लाइट भी रद्द

मौसम खराब होने का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। भारी बारिश के कारण जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट रद्द कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक यह सेवा दो दिनों के लिए बंद रखी गई है।

17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, लोगों से सतर्क रहने की अपील

बारिश के बीच मौसम विभाग ने राज्य के 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें दंतेवाड़ा, महासमुंद, दुर्ग, बस्तर, कांकेर, रायपुर, राजनांदगांव, धमतरी, बेमेतरा और नारायणपुर समेत अन्य जिले शामिल हैं।लगातार बारिश को देखते हुए नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखना जरूरी है। खासकर उन मार्गों पर जाने से बचना चाहिए जहां पानी सड़क या पुल के ऊपर से बह रहा है।

Related Articles

Back to top button