अन्य खबरें

सुभाष नगर में गूंजा ‘जय श्रीकृष्ण’, दही हांडी में कड़मपाल के युवाओं ने मारी बाजी

जन्माष्टमी पर उमड़ा आस्था और उल्लास का सैलाब, नन्हे कान्हा-राधा बने आकर्षण का केंद्र; विजेता टीमों को मिला नगद पुरस्कार

दुर्जन सिंह

बचेली। लौह नगरी बचेली के वार्ड क्रमांक 15 स्थित सुभाष नगर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, नन्हे कान्हा-राधा की मनमोहक प्रस्तुतियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रोमांचक दही हांडी प्रतियोगिता ने पूरे क्षेत्र को उत्सव और उल्लास से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक शामिल हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रीधर कोडाली, मुख्य महाप्रबंधक (H.O.D.), एनएमडीसी लिमिटेड, बचेली कॉम्प्लेक्स रहे। विशेष अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि नीलेश पटले उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता वार्ड पार्षद सुनील गाईन ने की। इस दौरान महेश नायर एवं सौरभ सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

नन्हे कान्हा और राधा रानी ने मोहा सबका मन

जन्माष्टमी समारोह में नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की आकर्षक वेशभूषा में पहुंचे। कान्हा और राधा के रूप में सजे बच्चों की मासूमियत, सुंदर पोशाक और मनमोहक अंदाज ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। बच्चों की प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

दही हांडी में कड़मपाल की टीम का दबदबा

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दही हांडी फोड़ प्रतियोगिता रही। इसमें दुगेली, पड़ापुर और कड़मपाल सहित विभिन्न क्षेत्रों से आई युवाओं की टीमों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हांडी फोड़ने के लिए युवाओं ने जोश और टीमवर्क का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे देखने बड़ी संख्या में लोग जुटे।

प्रतियोगिता में कड़मपाल के युवाओं की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता टीम को 11 हजार रुपये नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 7 हजार रुपये नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

महिलाओं की टीम ने भी दिखाया दमखम

दही हांडी प्रतियोगिता में महिलाओं ने भी पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। महिलाओं के लिए आयोजित विशेष दही हांडी प्रतियोगिता ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। महिला विजेता टीम को 5 हजार रुपये नगद पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

‘ऐसे आयोजन से नगर में बना रहता है भक्तिमय माहौल’—नीलेश पटले

प्रथम पुरस्कार प्रदान करते हुए विधायक प्रतिनिधि नीलेश पटले ने आयोजन समिति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा हर वर्ष दही हांडी सहित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का सफल आयोजन किया जाता है। ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से नगर में भक्तिमय वातावरण बना रहता है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

जय श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंजा सुभाष नगर

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारों से सुभाष नगर का वातावरण भक्तिमय बना रहा।

आयोजन समिति ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री कृष्ण जन्माष्टमी समिति, वार्ड क्रमांक 15, सुभाष नगर, एनएमडीसी बचेली के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

समिति में देवेन्द्र कुमार (सचिव), पी.के. प्रधान (अध्यक्ष), अभिषेक सोनेकर (संयुक्त सचिव), निहारिका चेरियन (उपाध्यक्ष), ननिता बनजारे (उपाध्यक्ष), संतोष दास (आयोजन सचिव), विनोद केशरिया (कोषाध्यक्ष), टी.आर. साहू (कोषाध्यक्ष), कुलदीप बनजारे (संरक्षक), रेखा साहू, राजेश्वरी प्रधान, चंदा भगत, अंजली केशरिया एवं कुसुम लता सिन्हा (सदस्य) शामिल रहे।

जन्माष्टमी का यह आयोजन धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामुदायिक एकजुटता का सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया, जिसने सुभाष नगर को देर तक कृष्ण भक्ति और उत्सव के रंग में रंगे रखा।

Related Articles

Back to top button