छत्तीसगढ़

रायपुर में आज से दौड़ेंगी 8 नई मिनी सिटी बसें, रेलवे स्टेशन और आईएसबीटी पहुंचना होगा आसान

रायपुर  : राजधानी रायपुर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। गुरुवार से शहर की सड़कों पर आठ नई मिनी सिटी बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है। 45 दिनों के पायलट प्रोजेक्ट के तहत शुरू की जा रही यह सेवा यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और किफायती सफर का विकल्प प्रदान करेगी।

दो प्रमुख रूटों पर मिलेगी नियमित बस सेवा

नई मिनी सिटी बसें शहर के दो महत्वपूर्ण रूटों पर संचालित होंगी। पहला रूट टाटीबंध चौक से आमापारा होते हुए रेलवे स्टेशन तक रहेगा। वहीं दूसरा रूट आईएसबीटी भाठागांव से संतोषी नगर, पचपेड़ी नाका, सिद्धार्थ चौक, कालीबाड़ी और घड़ी चौक होते हुए रेलवे स्टेशन तक संचालित किया जाएगा।

हर 15 से 20 मिनट में मिलेगी बस

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बसों की आवृत्ति भी तय की गई है। दोनों रूटों पर यात्रियों को हर 15 से 20 मिनट के अंतराल में बस उपलब्ध होगी। इससे लंबे इंतजार की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।

टाटीबंध से रेलवे स्टेशन तक किराया 25 रुपये

नई बस सेवा के तहत टाटीबंध चौक से रेलवे स्टेशन तक यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए किराया 25 रुपये निर्धारित किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य कम खर्च में बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।

सुबह 6:30 बजे से शुरू होगा संचालन

बसों का नियमित संचालन सुबह 6:30 बजे से शुरू होगा। इससे सुबह नौकरी, पढ़ाई या अन्य जरूरी कामों के लिए निकलने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।

ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या कम करने की पहल

प्रशासन का मानना है कि नई मिनी सिटी बस सेवा से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही अधिक लोग सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करेंगे तो निजी वाहनों पर निर्भरता घटेगी, जिससे शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और पार्किंग की समस्या को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।

Related Articles

Back to top button