छत्तीसगढ़

जनता को दफ्तरों के चक्कर नहीं, समय पर समाधान मिले: मंत्री टंकराम वर्मा ने अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी

 धमतरी : आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि राजस्व मामलों में लापरवाही और अनावश्यक विलंब अब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, स्वामित्व कार्ड और भूमि डायवर्सन जैसे मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।मंत्री ने कहा कि आम नागरिकों को अपने वैध कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की स्थिति नहीं बननी चाहिए। प्रशासन का उद्देश्य लोगों को त्वरित और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना होना चाहिए।

सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, तभी सफल मानी जाएगी व्यवस्था

बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री वर्मा ने कहा कि किसी भी जनकल्याणकारी योजना की सफलता तभी मानी जाएगी, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासनिक कार्यशैली अपनाने का आग्रह किया।इस अवसर पर उन्होंने पांच हितग्राहियों को स्वामित्व कार्ड और पांच लोगों को जाति प्रमाण पत्र प्रदान कर शासन की योजनाओं का लाभ सीधे नागरिकों तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की।

बाढ़ और आपदा से निपटने के लिए 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश

मानसून के मद्देनजर मंत्री ने जिले की आपदा प्रबंधन तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ संभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने और राहत-बचाव टीमों को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए पर्याप्त संसाधन, राहत सामग्री और त्वरित सहायता व्यवस्था पहले से तैयार रखी जाए।

स्कूलों में किताब, गणवेश और साइकिल वितरण समय पर हो

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने नए शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें, गणवेश और साइकिल समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई किसी भी प्रशासनिक देरी की वजह से प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

किसानों को खाद और बीज की कमी न हो, कृषि विभाग रहे सतर्क

कृषि विभाग को निर्देशित करते हुए मंत्री ने कहा कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर त्वरित आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।

ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का अधिकतम लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के निर्देश दिए।

धमतरी में तेजी से आगे बढ़ रहे विकास कार्य

बैठक में कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने जिले में चल रही प्रमुख परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 200 बिस्तरों वाले मातृ-शिशु अस्पताल, नेत्र एवं ट्रॉमा सेंटर, कुरूद में 100 बिस्तरीय अस्पताल और नर्सिंग कॉलेज सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं।इसके अलावा सड़क, रेलवे, ऑडिटोरियम, इनडोर स्टेडियम, नालंदा परिसर, औद्योगिक पार्क और पर्यटन विकास से जुड़े कार्यों को अगले दो वर्षों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य में अधिकारियों की अहम भूमिका

मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ काम करते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button