मिलावटखोरों पर सरकार का सख्त रुख, मंत्री के बयान से मचा हड़कंप

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने साफ कहा है कि दूध, दही, मक्खन, पनीर या अन्य खाने-पीने की चीजों में मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।मंत्री ने कहा कि सरकार सिर्फ एनालॉग पनीर तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी प्रकार की खाद्य सामग्री में मिलावट रोकने के लिए लगातार अभियान चला रही है। उनका कहना है कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
500 किलो पनीर जब्ती मामले पर मंत्री ने दिया जवाब
रायपुर रेलवे स्टेशन परिसर में करीब 500 किलो पनीर जब्त किए जाने के मामले में अब तक कार्रवाई नहीं होने के सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि रेलवे क्षेत्र से जुड़े मामलों में कार्रवाई की प्रक्रिया अलग होती है। रेलवे परिसर में होने वाली घटनाओं में रेलवे प्रशासन की भूमिका भी शामिल होती है।उन्होंने कहा कि कुछ लोग कार्रवाई से बचने के तरीके खोजते हैं, लेकिन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि खाद्य विभाग पूरी तरह सतर्क है और मिलावट के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
मेडिकल छात्रों के प्रदर्शन पर बोले मंत्री, मांगों पर हो रहा विचार
मेडिकल कॉलेज के छात्रों द्वारा स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर किए जा रहे प्रदर्शन पर भी स्वास्थ्य मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि छात्रों से मुलाकात हुई है और लोकतंत्र में अपनी बात रखने का अधिकार सभी को है।मंत्री ने बताया कि इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से चर्चा हुई है और सरकार पूरे मामले पर विचार कर रही है।
कांग्रेस के चुनावी दावों पर मंत्री ने कसा तंज
वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में जीत के कांग्रेस के दावे पर श्याम बिहारी जायसवाल ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल योजनाएं बनाती है, लेकिन उन्हें जमीन पर लागू करने में पीछे रह जाती है।उन्होंने कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पार्टी में आपसी मतभेद लगातार सामने आते रहते हैं और वह एकजुट होकर काम नहीं कर पाती।
रायपुर कमिश्नरेट विस्तार को लेकर सांसद के पत्र का समर्थन
रायपुर कमिश्नरेट के विस्तार को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के पत्र पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वह वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी चिंता रखना उनका दायित्व है।कांग्रेस की ओर से की गई आलोचना पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा कि यह कांग्रेस का भ्रम है। उन्होंने कहा कि चुने हुए प्रतिनिधियों का काम जनता से जुड़े मुद्दों को उठाना और ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाना होता है।




