मैट्रिमोनियल साइट पर प्यार का जाल, शादी का झांसा देकर महिला से 13 लाख की ठगी, हरियाणा से पति-पत्नी गिरफ्तार

बिलासपुर। ऑनलाइन मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए महिला को प्रेम और शादी का सपना दिखाकर लाखों रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को आखिरकार पुलिस ने दबोच लिया। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी और उसकी पत्नी को हरियाणा के बल्लभगढ़ से गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि आरोपी ने पहले खुद को अविवाहित बताकर महिला का विश्वास जीता, फिर शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए और बाद में नौकरी दिलाने के नाम पर नकदी व जेवर लेकर फरार हो गया।
शादी का भरोसा बना ठगी का जरिया
पुलिस के अनुसार पीड़िता कोरबा की रहने वाली है। उसकी पहचान मैट्रिमोनियल वेबसाइट ‘शादी डॉट कॉम’ पर पामगढ़ निवासी पवन कुमार यादव से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने खुद को अविवाहित बताते हुए शादी का प्रस्ताव रखा। महिला का आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ दैहिक संबंध बनाए और बाद में नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर लाखों रुपए नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण अपने कब्जे में ले लिए। ठगी की कुल रकम लगभग 12 से 13 लाख रुपए बताई गई है।
शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
महिला ने 9 मार्च 2026 को थाना तोरवा में शिकायत दर्ज कराई। मामला सामने आते ही पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन आरोपी अपनी पत्नी के साथ लगातार ठिकाने बदलता रहा। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर कई बार दबिश दी, मगर हर बार वह गिरफ्त से बाहर रहा। उसका मोबाइल भी बंद मिला, जिससे उसकी तलाश और कठिन हो गई।
गिरफ्तारी पर रखा गया था इनाम
आरोपी की लगातार तलाश के बावजूद सफलता नहीं मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच तेज करते हुए मोबाइल रिकॉर्ड और बैंक खातों की गहन पड़ताल शुरू की।
पत्नी का बैंक खाता बना अहम सुराग
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी के अधिकांश बैंक खाते बंद हो चुके हैं। हालांकि उसकी पत्नी नवीता यादव के खाते में नियमित लेन-देन हो रहा था। बैंक रिकॉर्ड की जांच में बल्लभगढ़ क्षेत्र से नकदी निकाले जाने की जानकारी मिली। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस टीम हरियाणा रवाना हुई।
तकनीकी जांच से मिली सफलता
बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के साथ स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने बल्लभगढ़ में आरोपी दंपती का ठिकाना तलाश लिया। छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार किया गया और बिलासपुर लाया गया।
दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 34 वर्षीय पवन कुमार यादव और उसकी 30 वर्षीय पत्नी नवीता यादव के रूप में हुई है। दोनों जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम डुडंगा के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों को 9 अगस्त को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में थाना तोरवा में दर्ज अपराध क्रमांक 138/2026 के तहत संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




