छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के 12 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को मिलेगा राष्ट्रपति पदक, स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री करेंगे सम्मानित

रायपुर। गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से छत्तीसगढ़ पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए घोषित राष्ट्रपति पदकों का सम्मान अब स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में किया जाएगा। 15 अगस्त को रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. विष्णुदेव साय चयनित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पदक प्रदान करेंगे।

इनमें एक अधिकारी को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक और 11 अधिकारियों-कर्मचारियों को सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा।

विशिष्ट सेवा के लिए एक अधिकारी सम्मानित

विशिष्ट सेवाओं के लिए रक्षित केंद्र, धमतरी में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक रामावतार सिंह राजपूत को राष्ट्रपति पदक प्रदान किया जाएगा। पुलिस सेवा में उनके योगदान और उल्लेखनीय कार्यों के लिए उन्हें यह सम्मान दिया जा रहा है।

सराहनीय सेवा के लिए 11 पुलिसकर्मियों के नाम

सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक पाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों में बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह और रायपुर ग्रामीण की पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा शामिल हैं।

इसके अलावा एटीएस, पुलिस मुख्यालय रायपुर की पुलिस अधीक्षक राजश्री मिश्रा, 6वीं वाहिनी छसबल रायगढ़ की सेनानी निवेदिता पाल, 20वीं वाहिनी छसबल महासमुंद की सेनानी मनीषा ठाकुर रावटे, रायपुर पुलिस आयुक्तालय के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल और पुलिस मुख्यालय रायपुर में पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उनैजा खातून अंसारी को भी सम्मानित किया जाएगा।

सूची में प्रथम वाहिनी छसबल भिलाई के सहायक सेनानी जयलाल मरकाम, 20वीं वाहिनी छसबल महासमुंद के प्लाटून कमांडर हजारी लाल साहू सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हैं।

15 अगस्त को रायपुर में होगा पदक अलंकरण

राष्ट्रपति पदकों की घोषणा पहले ही गणतंत्र दिवस के अवसर पर की गई थी। अब इन पदकों का औपचारिक अलंकरण 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. विष्णुदेव साय चयनित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पदक प्रदान कर सम्मानित करेंगे।

यह सम्मान पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की दीर्घकालीन, उत्कृष्ट और सराहनीय सेवाओं के प्रति राष्ट्रीय स्तर पर मिली मान्यता के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button