बचेली में निकली भव्य तिरंगा रैली, देशभक्ति के नारों से गूंजा नगर

नगर पालिका अधिकारी पीटीएम कृष्णा राव के नेतृत्व में निकली रैली, स्कूली विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

-दुर्जन सिंह
बचेली। स्वतंत्रता दिवस के उत्साह और देशभक्ति की भावना से सराबोर बचेली नगर में गुरुवार को भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में लोगों ने रैली में सहभागिता की और पूरे नगर में देशभक्ति के नारों एवं जयघोष से वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया।

रैली का नेतृत्व मुख्य नगर पालिका अधिकारी पीटीएम कृष्णा राव ने किया। रैली में शासकीय सरस्वती आदर्श मिडिल स्कूल, कन्या शाला एवं हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों के साथ विद्यालयों के शिक्षक, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, पार्षद एवं एल्डरमैन तथा बड़ी संख्या में नगरवासी भी रैली में शामिल हुए।

तिरंगा हाथों में थामे विद्यार्थी और नगरवासी देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे। रैली ने नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण किया, जिससे पूरे बचेली में स्वतंत्रता दिवस के प्रति उत्साह और राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला।

रैली के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद जैसे जयघोष से नगर गूंज उठा। तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते विद्यार्थियों और नगरवासियों ने एकता, देशप्रेम और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया।
स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित इस तिरंगा रैली ने बचेली नगर में आजादी के पर्व की खुशियों और देशभक्ति के उत्साह को और बढ़ा दिया।




