एनएमडीसी, बचेली में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

दुर्जन सिंह
बचेली, एनएमडीसी, बचेली कॉम्प्लेक्स में देश का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में डीएवी पब्लिक स्कूल के प्रांगण में मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि परियोजना प्रमुख श्री श्रीधर कोडाली, मुख्य महाप्रबंधक ने ध्वजारोहण किया तथा परेड का निरीक्षण कर उपस्थित जनसमुदाय को स्वतंत्रता दिवस का संदेश दिया। अपने संबोधन में श्री कोडाली ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि देश वर्ष 2047 तक एक विकसित, आत्मनिर्भर, समावेशी एवं सशक्त राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025–26 में एनएमडीसी ने 53 मिलियन टन लौह अयस्क उत्पादन का ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया, जिसमें बचेली कॉम्प्लेक्स का 174.73 लाख टन का उल्लेखनीय योगदान रहा। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं CSR गतिविधियों के माध्यम से क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में एनएमडीसी के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि बालिका शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं तथा स्थानीय विकास कार्यों के माध्यम से एनएमडीसी समुदाय के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। इस अवसर पर नेहरू श्रम पुरस्कार, श्रेष्ठ श्रमिक पुरस्कार, एनएमडीसी मेधावी छात्र पुरस्कार, नेहरू स्मृति उत्कृष्ट छात्र पुरस्कार तथा सर्वश्रेष्ठ सीआईएसएफ कर्मी सहित विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर विभिन्न विभागाध्यक्ष, श्रमिक संघों के पदाधिकारी, एनएमडीसी अधिकारियों व कर्मचारियों तथा नगरवासियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि ने एनएमडीसी बचेली के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, संविदा कर्मियों, श्रमिकों, चिकित्सकों, शिक्षकों, CISF जवानों एवं उनके परिवारजनों के योगदान की सराहना करते हुए सभी से निष्ठा, ईमानदारी एवं टीम भावना के साथ एनएमडीसी की प्रगति, क्षेत्र के विकास और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। समारोह का समापन डीएवी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान की प्रस्तुति के साथ हुआ।





