पुलिस की एक घेराबंदी ने खोल दिया नशे के कारोबार का रास्ता, बाइक से गांजा ले जा रहा आरोपी पकड़ा गया

सूरजपुर : अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली पुलिस ने गांजा लेकर जा रहे एक व्यक्ति को पकड़कर उसके कब्जे से 4 किलो 900 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
केतका से सपकरा की ओर जाने की मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार शनिवार को मुखबिर से जानकारी मिली थी कि एक व्यक्ति केतका की तरफ से बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर गांजा लेकर सपकरा की ओर जा रहा है। बताया गया था कि गांजा बिक्री के उद्देश्य से ले जाया जा रहा है।सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम को रवाना किया। पुलिसकर्मियों ने ग्राम पोड़ी क्षेत्र में संदिग्ध बाइक सवार को पकड़ने के लिए घेराबंदी शुरू कर दी।
संदिग्ध बाइक सवार को रोकते ही सामने आया पूरा मामला
घेराबंदी के दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए से मिलता-जुलता एक व्यक्ति बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उसकी पहचान अतिउल्ला खान, निवासी सूरजपुर के रूप में हुई।इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से गांजा बरामद हुआ। वजन कराने पर गांजे की मात्रा 4 किलो 900 ग्राम निकली। पुलिस ने गांजे के साथ परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी अपने कब्जे में ले लिया।
अब पुलिस उस कड़ी तक पहुंचने में जुटी है जहां से शुरू हुई थी सप्लाई
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद अब जांच का दायरा आगे बढ़ाया जा रहा है।पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से कर आया था और इसकी सप्लाई किस व्यक्ति को की जानी थी। इसके साथ ही संभावित सप्लायर और खरीदारों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
जांच आगे बढ़ी तो सामने आ सकते हैं और नाम
पुलिस अवैध गांजा कारोबार से जुड़े नेटवर्क की कड़ियों की भी जांच कर रही है। यदि जांच के दौरान अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।




