फ्रीडम रन में दौड़ा बचेली, सेहत के साथ राष्ट्रप्रेम का दिया संदेशएनएमडीसी और हैदराबाद रनर सोसाइटी के संयुक्त आयोजन में 5 और 10 किमी दौड़, सीआईएसएफ जवान, एनएमडीसी के अधिकारी कर्मचारी व नगरवासियो ने लिया भाग

दुर्जन सिंह
बचेली– स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में स्वस्थ जीवनशैली, एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश देते हुए एनएमडीसी बचेली कॉम्प्लेक्स द्वारा हैदराबाद रनर सोसाइटी के सहयोग से 16 अगस्त, रविवार को फ्रीडम रन का आयोजन किया गया। आयोजन में 5 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की दौड़ रखी गई, जिसमें सीआईएसएफ के जवानो, एनएमडीसी के अधिकारी-कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

फ्रीडम रन का शुभारंभ एनएमडीसी बचेली कॉम्प्लेक्स के परियोजना प्रमुख श्रीधर कोडाली ने हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ शुरू होते ही प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में एचआर महाप्रबंधक महेश नायर, उत्पादन महाप्रबंधक टी शिवा कुमार, उपमहाप्रबंधक एचआर सौरभ कुमार व यूनियन के प्रतिनिधि व अन्य विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। इस दौड़ में बच्चों से लेकर युवाओं और विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र के प्रति अपने समर्पण का संदेश दिया। तेजस्वनी महिला समिति की अध्यक्ष सहित सभी सदस्यो, माॅर्निंग युवा एनर्जी गु्रप के सदस्यो ने भी इस दौड़ में भाग लिया।

दौड़ की शुरुआत से पहले डीएवी स्कूल के ऑडिटोरियम में संगीत और उत्साह का रंग भी देखने को मिला। देशभक्ति एवं जोश से भरपूर गीतों पर प्रतिभागियों ने जमकर डांस किया और मनोरंजक अंदाज में वार्म-अप व एक्सरसाइज की। संगीत की धुन पर थिरकते प्रतिभागियों ने पूरे माहौल को ऊर्जा और उत्साह से भर दिया।

फ्रीडम रन का मार्ग डीएवी स्कूल से शुरू होकर घड़ी चैक, बैंक कॉलोनी, गुरु घासीदास चैक, कॉफी हाउस, हाईटेक कॉलोनी, श्रमवीर चैक, राजीव गांधी चैक, अस्पताल चैक और सुभाषनगर होते हुए अंबेडकर पार्क तक पहुंचा। इसके बाद प्रतिभागी एसकेएमएस कार्यालय होते हुए वापस डीएवी स्कूल पहुंचे। आयोजन के समापन पर सभी प्रतिभागियों को उनकी सहभागिता और उत्साह के लिए मेडल प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई, जिससे पूरे आयोजन का खुशनुमा और उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।
आयोजकों ने कहा कि फ्रीडम रन का उद्देश्य केवल दौड़ तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, आपसी एकता, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम का संदेश देना है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने बचेली में उत्सव के माहौल को और भी जोशपूर्ण बना दिया। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता और प्रतिभागियों के उत्साह ने फ्रीडम रन को यादगार बना दिया। दौड़ के दौरान देशभक्ति की भावना और स्वस्थ भारत के संकल्प का संदेश पूरे आयोजन में दिखाई दिया।
photo- attached




