सामुदायिक पुलिसिंग से मजबूत हो रहा पुलिस एवं नागरिकों के बीच विश्वास

ग्राम परचेली के आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को कपड़े वितरित
दुर्जन सिंह
बचेली/(जिला दंतेवाडा)दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा। सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत पुलिस एवं आमजन के बीच विश्वास, संवाद एवं सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रमोहन सिंह द्वारा आज दिनांक 23.08.2026 को थाना कटेकल्याण अंतर्गत ग्राम परचेली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर बच्चों को आवश्यकतानुसार कपड़े, चॉकलेट एवं बिस्किट वितरित किए गए।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई एवं स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली तथा उन्हें नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधीक्षक महोदय ने बच्चों से यह भी पूछा कि वे बड़े होकर क्या बनना चाहते हैं। बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपनी इच्छाएं बताईं और अधिकांश बच्चों ने पुलिस अधिकारी बनने की इच्छा व्यक्त की। इस पर पुलिस अधीक्षक महोदय ने बच्चों को मेहनत, अनुशासन एवं लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ विश्वास, संवेदनशीलता एवं सहयोग का संबंध स्थापित करना भी है। ऐसे कार्यक्रमों से पुलिस और आमजन के बीच संवाद की दूरी कम होती है तथा बच्चों में पुलिस के प्रति भय कम कर मित्रवत पुलिसिंग की भावना विकसित होती है। ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी दंतेवाड़ा आकांक्षा, थाना कटेकल्याण प्रभारी विजय कुमार राठौर एवं थाना स्टाफ, महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक मीना साहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका तथा ग्रामीण एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। दंतेवाड़ा पुलिस द्वारा भविष्य में भी जनहित एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े ऐसे सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।




