हनुमान टेकरी में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया 18वां स्थापना दिवस

विशेष पूजा-अर्चना व महाभंडारे का आयोजन, एनएमडीसी के अधिकारी-कर्मचारियों सहित नगर के श्रद्धालुओं ने किए बजरंगबली के दर्शन
दुर्जन सिंह
बचेली- नगर से लगभग 6 किलोमीटर दूर एनएमडीसी बचेली परियोजना के आकाशनगर मार्ग पर सड़क के मोड़ क्रमांक 3 एवं 4 के बीच बैलाडिला पहाड़ी पर स्थित प्रसिद्ध हनुमान टेकरी मंदिर में 21 अगस्त, शुक्रवार को मंदिर का 18वां स्थापना दिवस श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। पूजा के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए महाभंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बचेली, किरंदुल सहित आसपास के क्षेत्रो के हनुमान भक्त शामिल हुए।

हनुमान टेकरी कमेटी द्वारा आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में भक्तों ने विधि-विधान से भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। पूजा के बाद सभी श्रद्धालुओं ने महाभंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। सुंदरकांड व हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। जय श्री राम के जयकारो से मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर एनएमडीसी बचेली के वर्क्स विभाग के प्रमुख भान सिंह यादव अपनी पत्नी के साथ हनुमान टेकरी पहुंचे। उन्होंने बजरंगबली के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा प्रसाद ग्रहण किया। वहीं सिविल विभाग के प्रमुख एस.आर. डहरिया, सिविल उपमहाप्रबंधक के.पी. बंसोड़ व अभिषेक दीवान सहित एनएमडीसी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी व अन्य भक्तगण भी टेकरी पहुंचे और भगवान हनुमान के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान बजरंगबली के जयकारे लगाए और धार्मिक आस्था के साथ स्थापना दिवस समारोह में भाग लिया।

गौरतलब है कि 21 अगस्त 2008 को हनुमान टेकरी मंदिर की स्थापना की गई थी। स्थापना के बाद से प्रत्येक वर्ष 21 अगस्त को मंदिर का स्थापना दिवस श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया जाता है। इसके अलावा हनुमान जयंती तथा नववर्ष के अवसर पर भी यहां विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाता है।




