छत्तीसगढ़

एक सोशल मीडिया कमेंट से भड़का विवाद, सड़क पर जमकर पथराव और पुलिस पर भी हमला…बिलासपुर में देर रात तक तनाव

 बिलासपुर : खपरगंज इलाके में सोशल मीडिया पर किए गए कमेंट को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी और मारपीट हुई, इसके बाद दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया। घटना में तारबाहर थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मियों और युवकों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

कहासुनी से शुरू हुआ विवाद, देखते ही देखते सड़क पर पहुंची भीड़

मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज का है। जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर एक कमेंट को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। बात बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मारपीट और गाली-गलौज के बाद हालात इतने बिगड़ गए कि दोनों तरफ से पथराव शुरू हो गया।पथराव के कारण इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और कई लोगों के चोटिल होने की सूचना है। कुछ युवकों के बीच चाकूबाजी की घटना भी सामने आई है, जिसमें तीन युवकों के घायल होने की जानकारी बताई जा रही है।

पुलिस पहुंची तो जवानों पर भी बरसे पत्थर

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिसकर्मियों पर भी पत्थर फेंके गए। पथराव में तारबाहर टीआई रविशंकर तिवारी के सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। कुछ अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं।स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने भीड़ को पीछे हटाने के लिए बल प्रयोग किया। कई बार युवकों को खदेड़ा गया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए।

इलाके में तनाव के बीच अधिकारियों ने संभाली कमान

घटना के बाद खपरगंज और आसपास के क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी भी की गई। हालात को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। विधायक सुशांत शुक्ला और स्थानीय नागरिक भी थाने पहुंचे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। युवकों को समझाइश देकर माहौल सामान्य बनाने की कोशिश जारी रही।

देर रात तक सड़कों पर बनी रही हलचल

पथराव के बाद कोतवाली थाने में लोगों की भीड़ जुट गई। सड़कों पर युवकों की भीड़ नारेबाजी करती नजर आई। देर रात तक इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं तथा संवेदनशील क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

Related Articles

Back to top button