छत्तीसगढ़

एनएमडीसी में सेवानिवृत्त कर्मचारियो की पुनर्नियुक्ति के बजाय स्थानीय युवाओं को मिले रोजगार- भाजपा

परियेाजना में नियमित भर्ती शुरू करने की मंाग, सीजीएम को सौंपा ज्ञापन 

दुर्जन सिंह 

बचेली-एनएमडीसी बचेली एवं किरंदुल परियोजनाओं में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति और स्थानीय बेरोजगार युवाओं के लिए नियमित भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी के विरोध में भाजपा संगठन ने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष गुप्ता एवं नगर पालिका परिषद बड़े बचेली के अध्यक्ष राजू जायसवाल के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एनएमडीसी प्रबंधन के समक्ष विरोध दर्ज कराते हुए ज्ञापन सौंपा।

भाजपा नेताओं ने एनएमडीसी प्रबंधन से मांग की कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति के स्थान पर L-1, L-2 सहित विभिन्न रिक्त पदों पर स्थानीय योग्य एवं शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए नियमित भर्ती प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए।

इस दौरान संगठन की ओर से एनएमडीसी बचेली के मुख्य महाप्रबंधक श्रीधर कोडाली को ज्ञापन सौंपकर स्थानीय युवाओं की रोजगार संबंधी समस्याओं से अवगत कराया गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि एनएमडीसी बचेली एवं किरंदुल क्षेत्र के विकास और रोजगार का प्रमुख आधार है। ऐसे में क्षेत्र के हजारों शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार का अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि स्थानीय युवा लंबे समय से एनएमडीसी में नियमित भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे हैं। पूर्व में L-1 एवं L-2 की भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के बाद उसे रोक दिया गया, जिससे स्थानीय बेरोजगार युवाओं में निराशा और आक्रोश है। ऐसे में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति का निर्णय स्थानीय युवाओं के रोजगार के अवसरों को प्रभावित कर सकता है।

भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष गुप्ता एवं नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल ने प्रबंधन को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति के बजाय स्थानीय बेरोजगार युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि युवाओं के रोजगार के अधिकार और भविष्य की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

संगठन ने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन द्वारा स्थानीय युवाओं के हित में शीघ्र ठोस निर्णय नहीं लिया गया और भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो भाजपा द्वारा व्यापक एवं उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी एनएमडीसी प्रबंधन की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, भाजपा जिला महामंत्री सत्यजीत चौहान, मंडल अध्यक्ष अमलेन्दु चक्रवर्ती, नगर पालिका उपाध्यक्ष सतीश प्रेमचंदानी सहित नगर पालिका के पार्षद, मंडल पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button