छत्तीसगढ़

बिलासपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का खुलासा, पोस्टमार्टम में गला घोंटने की पुष्टि; पति-सास और देवर गिरफ्तार

 बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक नवविवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति, देवर और सास को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पारिवारिक विवाद और दहेज की मांग को लेकर महिला के साथ मारपीट की गई और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटकाने का प्रयास किए जाने की बात जांच में सामने आई है। मामला सकरी थाना क्षेत्र का है।

शादी के बाद दो बेटियां हुईं, इसके बाद बढ़ा विवाद

पुलिस के अनुसार ग्राम सकर्रा निवासी 26 वर्षीय दुर्गा निर्मलकर की शादी वर्ष 2022 में सैदा निवासी रोहित निर्मलकर से हुई थी। शादी के बाद दुर्गा ने दो बेटियों को जन्म दिया।मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि दूसरी बेटी के जन्म के बाद ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया। महिला को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किए जाने लगा। परिजनों का यह भी आरोप है कि दुर्गा पर मायके से 1 लाख 65 हजार रुपये लाने का दबाव बनाया जा रहा था।

अचानक तबीयत बिगड़ने की दी गई जानकारी

26 सितंबर को दुर्गा के मायके वालों को सूचना मिली कि उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई है और वह बेहोश हो गई है। इसके बाद उसे पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।दूसरी ओर, ससुराल पक्ष की ओर से परिजनों को बताया गया कि दुर्गा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। हालांकि मायके वालों को इस दावे पर संदेह हुआ और उन्होंने मामले की जांच की मांग की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बदली जांच की दिशा

दुर्गा के भाई विदेशी निर्मलकर ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन को दहेज के लिए लगातार परेशान किया जा रहा था। उसने आरोप लगाया कि 1 लाख 65 हजार रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर दुर्गा के साथ मारपीट की जाती थी।घटना के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में मौत का कारण गला घोंटना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच को आत्महत्या के बजाय हत्या के एंगल से आगे बढ़ाया।

पूछताछ में बयानों में सामने आया विरोधाभास

पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने दुर्गा के मायके और ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, ससुराल पक्ष के लोगों के बयानों में अंतर सामने आया। इसके बाद उनसे कड़ाई से पूछताछ की गई।पुलिस का दावा है कि पूछताछ में 26 सितंबर को दहेज और पारिवारिक विवाद को लेकर दुर्गा के साथ मारपीट किए जाने की जानकारी सामने आई। आरोप है कि इसी दौरान उसके गले में पट्टा डालकर खींचा गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद शव को फंदे पर लटकाने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, महिला की मौत के बाद आरोपियों ने मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। आरोप है कि शव को कमरे में साड़ी के सहारे फंदे पर लटका दिया गया।पड़ोसियों ने दुर्गा को फंदे पर लटका देखा तो उसे नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया। हालांकि तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी और सिम्स में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पति, देवर और सास जेल भेजे गए

पुलिस ने मामले में दुर्गा के पति रोहित निर्मलकर, देवर मोहित निर्मलकर और सास ठगिया निर्मलकर को आरोपी बनाया है। तीनों के खिलाफ BNS की धारा 80, 238 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस आगे भी घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों और आरोपों की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button