BREAKING : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर, रायपुर में स्वागत…23 अक्टूबर को जाएंगी बस्तर

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर 22 अक्टूबर को रायपुर पहुंचीं। स्वामी विवेकानंद विमानतल, माना में दोपहर 12:15 बजे उनके आगमन पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वागत किया। राष्ट्रपति अपने प्रवास के पहले दिन राजधानी में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। वहीं, 23 अक्टूबर को उनका जगदलपुर जाने का कार्यक्रम है, जहां वे मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के साथ बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।
मुख्यमंत्री ने किया राष्ट्रपति का स्वागत
राष्ट्रपति के आगमन से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनके दौरे को छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर बताया। उन्होंने प्रदेश की करीब तीन करोड़ जनता की ओर से राष्ट्रपति का स्वागत किया।मुख्यमंत्री के अनुसार, राष्ट्रपति रायपुर में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करने के साथ सेवा सम्मान पर्व और युवा प्रबोधन कार्यक्रम में भी शामिल होंगी। दौरे के दूसरे दिन वे बस्तर में मुरिया दरबार में हिस्सा लेंगी और आमसभा को संबोधित करेंगी।
पहले दिन रायपुर में कई कार्यक्रम
22 अक्टूबर को राष्ट्रपति दोपहर 12:45 बजे लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। यहां वे पूज्य माता हासी देवी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी।इसके बाद शाम 4 बजे वे इंडोर स्टेडियम में आयोजित नुआखाई पर्व कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। उनके कार्यक्रमों में सेवा सम्मान पर्व और युवा प्रबोधन आयोजन भी शामिल हैं, जहां वे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
23 अक्टूबर को जगदलपुर जाएंगी राष्ट्रपति
दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रपति सुबह 11 बजे जगदलपुर के लिए रवाना होंगी। वहां मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद वे दोपहर करीब 12:45 बजे मुरिया दरबार और बस्तर दशहरा से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होंगी। इस दौरान उनके आमसभा को संबोधित करने का भी कार्यक्रम है।
सुरक्षा के लिए 2,000 से अधिक जवान तैनात
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने रायपुर और जगदलपुर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 2,000 से अधिक जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा तीन आईजी, छह डीआईजी और एसपी स्तर के 10 अधिकारियों समेत 100 से अधिक अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।कार्यक्रम वाले शहरों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए अन्य शहरों से भी पुलिस बल और सुरक्षाकर्मियों को बुलाया गया है।




