छत्तीसगढ़

144 गांवों में पहुंचेंगे विधायक अनुज शर्मा, घरों में करेंगे भोजन और गांवों में ही बिताएंगे रात, CM साय करेंगे अनोखी यात्रा का आगाज

धरसींवा: जनता की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए अब विधायक खुद गांव-गांव पहुंचेंगे। धरसींवा विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा ने अपने विधानसभा क्षेत्र में 28 दिवसीय सेवा संवाद यात्रा शुरू करने की तैयारी की है। यह अभियान 21 नवंबर से प्रारंभ होगा और 18 दिसंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान विधायक क्षेत्र के सभी 144 गांवों का दौरा करेंगे। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 21 नवंबर को हरी झंडी दिखाकर इस अभियान की शुरुआत करेंगे।

इस यात्रा को केवल जनसंपर्क तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसके जरिए ग्रामीणों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने की योजना बनाई गई है। विधायक पूरे 28 दिनों तक क्षेत्र में रहेंगे। वे ग्रामीण परिवारों के साथ भोजन करेंगे और गांवों में ही रात बिताएंगे। इससे ग्रामीणों को अपनी बात सीधे जनप्रतिनिधि तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

हर गांव में जनचौपाल, लोगों से सीधे रूबरू होंगे विधायक

सेवा संवाद यात्रा की जानकारी देने के लिए विधायक अनुज शर्मा ने सेवा सदन में पत्रकार वार्ता आयोजित की। इसमें उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और नागरिक तक पहुंचना है।

उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक गतिविधि या औपचारिक दौरा नहीं है, बल्कि जनता की अपेक्षाओं को समझने और उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल है। यात्रा के दौरान अलग-अलग गांवों में जनचौपाल लगाई जाएगी। यहां ग्रामीण अपनी परेशानियां, जरूरतें और विकास से जुडे सुझाव सीधे विधायक के सामने रख सकेंगे।

विधायक ने बताया कि स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली बुनियादी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित स्तर पर पहल की जाएगी। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर भी विशेष ध्यान रहेगा।

VIP व्यवस्था से दूरी, ग्रामीणों के घर करेंगे भोजन

इस अभियान की सबसे खास बात विधायक का गांवों में आम लोगों की तरह रहना होगा। अनुज शर्मा किसी विशेष व्यवस्था के बजाय ग्रामीण परिवारों के साथ बैठकर भोजन करेंगे। उनका रात्रि विश्राम भी गांवों में ही होगा।

इस पहल के पीछे मकसद ग्रामीण जीवन की वास्तविक परिस्थितियों को नजदीक से जानना है। गांवों में रहकर विधायक पेयजल, सडक, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुडी समस्याओं की जानकारी लेंगे। इसके अलावा स्थानीय विकास कार्यों की प्रगति और उनकी गुणवत्ता की समीक्षा भी करेंगे।

धरसींवा मेरा परिवार, हर नागरिक की सेवा प्राथमिकता: अनुज शर्मा

विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि धरसींवा विधानसभा उनके लिए केवल राजनीतिक क्षेत्र नहीं है, बल्कि एक परिवार की तरह है। यहां रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सेवा करना उनकी जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा, “धरसींवा विधानसभा मेरा परिवार है और यहां के हर एक नागरिक की सेवा करना मेरा सर्वोपरि कर्तव्य है। हमारी सरकार सबका साथ, सबका विकास के मूल मंत्र के साथ आम जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है।”

उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए उनकी टीम लगातार काम कर रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए जनता के बीच जाकर उनकी जरूरतों को समझना जरूरी है।

यात्रा की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों के साथ मंथन

पत्रकार वार्ता के बाद सेवा सदन में यात्रा से जुडे प्रभारियों और भाजपा के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें 28 दिनों के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

बैठक में गांवों के दौरे का रूट चार्ट, प्रतिदिन का कार्यक्रम, जनचौपाल के आयोजन, भोजन और रात्रि विश्राम की व्यवस्था तथा प्रशासनिक समन्वय जैसे विषयों पर चर्चा हुई। विधायक ने सभी जिम्मेदार पदाधिकारियों को व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य केवल लोगों से मुलाकात करना नहीं, बल्कि उनकी समस्याओं को समझकर समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाना है।

21 नवंबर को CM साय दिखाएंगे हरी झंडी, 18 दिसंबर तक चलेगा अभियान

सेवा संवाद यात्रा का औपचारिक शुभारंभ 21 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में होगा। इसके बाद विधायक अनुज शर्मा लगातार 28 दिनों तक धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के 144 गांवों का दौरा करेंगे।

जनचौपाल, घर-घर संपर्क, ग्रामीणों के साथ सहभोज, गांवों में रात्रि प्रवास और विकास कार्यों की समीक्षा इस अभियान के प्रमुख हिस्से होंगे।

बैठक और पत्रकार वार्ता में यात्रा प्रभारी अरविंद ठाकुर, चंद्रशेखर शुक्ला, कृष्ण कुमार वर्मा, नरेंद्र ठाकुर, रूखमनी वर्मा, शिवशंकर वर्मा, राजीव अग्रवाल, संदीप यदु, सरोज चंद्रवंशी, दिनेश खूंते, टिकेश्वर मनहरे, सुरेंद्र वर्मा सहित भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा मीडिया प्रतिनिधियों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

इस यात्रा के जरिए विधायक और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के साथ धरसींवा क्षेत्र की विकास संबंधी जरूरतों को प्राथमिकता देने की कोशिश की जाएगी।

Related Articles

Back to top button