छत्तीसगढ़

व्यावसायिक शिक्षा के तहत छात्राओं ने किया एनएमडीसी डीएवी आईटीआई भांसी का शैक्षणिक भ्रमण

दुर्जन सिंह

वेल्डिंग से लेकर ऑटोमोबाइल और सेंसर तकनीक तक की बारीकियों से हुईं रूबरू, आईटीआई के प्राचार्य व शिक्षको ने दी तकनीकी कार्यप्रणालियों की विस्तृत जानकारी

बचेली– व्यावसायिक शिक्षा को किताबी ज्ञान तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों को तकनीकी दुनिया की व्यावहारिक जानकारी से जोड़ने के उद्देश्य से शासकीय कन्या विद्यालय, पुराना मार्केट बचेली की कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं ने 27 नवंबर, शुक्रवार को एनएमडीसी डीएवी आईटीआई भांसी परिसर का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं को विभिन्न तकनीकी विभागों का अवलोकन कराया गया और आधुनिक मशीनों, उपकरणों तथा उनके कार्य करने के तरीकों की जानकारी दी गई।

भ्रमण के दौरान आईटीआई भांसी के प्राचार्य कमलेश साहु एवं अन्य सभी शिक्षको ने छात्राओं को संस्थान में संचालित तकनीकी गतिविधियों से परिचित कराते हुए विभिन्न ट्रेडों और मशीनों की कार्यप्रणाली विस्तार से समझाई। छात्राओं ने वेल्डिंग प्रक्रिया, विद्युत उपकरणों, लेथ मशीन, ड्रिल मशीन, इंजन तथा ऑटोमोबाइल तकनीक के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही सेंसर आधारित वाहनों और उनमें इस्तेमाल होने वाली आधुनिक तकनीक की कार्यप्रणाली भी समझाई गई।विद्युत विभाग के भ्रमण के दौरान छात्राओं को बिजली से जुड़े उपकरणों और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। विशेष रूप से विद्युत करंट लगने जैसी आपातकालीन स्थिति में किस प्रकार सावधानी बरतनी चाहिए और प्रभावित व्यक्ति की मदद कैसे करनी चाहिए, इस बारे में विस्तार से बताया गया। वहीं इंजन, वाहनों और क्रेन मशीन की कार्यप्रणाली को भी सरल तरीके से समझाया गया, जिससे छात्राओं को तकनीकी विषयों को नजदीक से जानने का अवसर मिला।

कंप्यूटर विभाग में भी छात्राओं को कंप्यूटर से संबंधित जानकारी दी गई। पूरे भ्रमण के दौरान छात्राओं ने विभिन्न मशीनों और तकनीकी उपकरणों को करीब से देखा तथा अपनी जिज्ञासाओं के अनुरूप जानकारियां प्राप्त कीं। इस तरह का प्रत्यक्ष अनुभव उनके लिए न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत तकनीकी क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं को समझने का भी एक महत्वपूर्ण अवसर बना।

इस शैक्षणिक भ्रमण में विद्यालय की शिक्षिकाएं रेनुका एवं तारिणी सहित छात्राएं उपस्थित रहीं। भ्रमण को सुविधाजनक बनाने के लिए एनएमडीसी प्रबंधन की ओर से छात्राओं के आवागमन हेतु बस तथा नाश्ते की व्यवस्था भी की गई।इस पहल के माध्यम से छात्राओं को विद्यालय की पढ़ाई के साथ-साथ तकनीकी संस्थान के वास्तविक वातावरण, मशीनों और व्यावहारिक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला।

Related Articles

Back to top button