विवेक शर्मा बने छत्तीसगढ़ के एडवोकेट जनरल

बिलासपुर
छत्तीसगढ़ सरकार ने एडिशनल एडवोकेट जनरल विवेक शर्मा को नया महाधिवक्ता नियुक्त किया है। राज्यपाल रमेन डेका ने महाधिवक्ता प्रफुल्ल कुमार भारत का त्यागपत्र स्वीकार कर लिया है। विधि और विधायी कार्य विभाग की ओर से जारी अधिसूचना जारी की गई है। इसके अनुसार 2 अलग-अलग आदेश जारी हुए।
पहले आदेश में प्रफुल्ल कुमार भारत का त्यागपत्र स्वीकार किया गया और दूसरे आदेश में विवेक शर्मा की नियुक्ति की अधिसूचना जारी की गई। नए महाधिवक्ता विवेक शर्मा हाईकोर्ट में अतिरिक्त महाधिवक्ता के रूप में कार्यरत थे और अब वे राज्य के शीर्ष विधि पद का कार्यभार संभालेंगे।
दैनिक भास्कर डिजिटल ने 3 दिन पहले ही बता दिया था कि विवेक शर्मा प्रदेश के नए एडवोकेट जनरल बनाए जाएंगे। विवेक शर्मा (45) प्रदेश के अब तक के सबसे कम उम्र के महाधिवक्ता हैं। महाधिवक्ता राज्य शासन की ओर से हाईकोर्ट में दायर होने वाले मामले में पक्ष रखते हैं। वर्तमान में महाधिवक्ता कार्यालय में 6 एडिशनल एजी, 7 डिप्टी एजी, 12 गर्वमेंट एडवोकेट, 11 डिप्टी गर्वमेंट एडवोकेट और तकरीबन 100 पैनल लॉयर कार्यरत हैं।




