छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत दंतेवाड़ा में 191 जोड़ों का सामूहिक विवाह

आत्मसमर्पित नक्सली जोड़ा भी होगा शामिल

दुर्जन सिंह

बचेली। महिला एवं बाल विकास द्वारा जारी विज्ञप्ति अनुसार 10 फरवरी 2026 को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना 2026 के अंतर्गत जिले में कुल 191 जोड़ों का सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन हेतु जिले की विभिन्न एकीकृत बाल विकास परियोजनाओं से आवेदन प्राप्त हुए हैं। परियोजनावार प्राप्त आवेदनों में दंतेवाड़ा से 18, बचेली से 23, कुआकोंडा से 34, किरंदुल से 14, बड़ेगुडरा से 19, बारसूर से 32, कटेकल्याण से 19 एवं गीदम से 31 जोड़े शामिल हैं।
इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम में एक आत्मसमर्पित नक्सली जोड़े का विवाह भी सामाजिक समरसता के साथ संपन्न कराया जाएगा। कन्या कुमारी हिडने कारम (पिता- श्री कोसाराम, उम्र 25 वर्ष, निवासी कारली पुलिस लाइन) एवं वर बामन मड़काम (पिता श्री हिड़मा मड़काम, उम्र 25 वर्ष, निवासी कारली पुलिस लाइन) का विवाह पूर्ण विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कराया जाएगा। इस पहल से समाज की मुख्यधारा में लौटे व्यक्तियों को सम्मानजनक जीवन की ओर प्रोत्साहित करने का संदेश मिलेगा।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का उद्देश्य सामाजिक विवाह की खर्चीली परंपरा को कम करना, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहायता प्रदान करना तथा समाज में समरसता और पुनर्वास को बढ़ावा देना है। आत्मसमर्पित नक्सली जोड़े को योजना से जोड़ना शासन की पुनर्वास नीति की सकारात्मक दिशा को दर्शाता है। जिला कार्यक्रम अधिकारी के निर्देशानुसार जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी, परियोजना अधिकारी गीदम एवं सेक्टर पर्यवेक्षक कारली द्वारा आत्मसमर्पित नक्सली जोड़े के निवास स्थान पर पहुँचकर मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कराई गई।

Related Articles

Back to top button