बचेली को मिली विकास की बड़ी सौगात: 4 करोड़ से अधिक के 30 कार्यों का हुआ भूमि पूजन


5 साल से अधूरे पड़े काम फिर शुरू, विधायक अटामी बोले—घोषणाओं नहीं, जमीन पर दिखेगा विकास
– दुर्जन सिंह
बचेली। नगर पालिका परिषद बड़े बचेली के अंतर्गत वार्डवासियों को लंबे समय से प्रतीक्षित सौगातें मिलना शुरू हो गई हैं। शुक्रवार, 17 अप्रैल 2026 को नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में 407.89 लाख रुपये की लागत वाले कुल 30 निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया गया। दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी और नगर पालिका अध्यक्ष राजू जयसवाल ने शिलापट्ट का अनावरण कर क्षेत्रवासियों को विकास की बड़ी सौगात दी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय विधायक चैतराम अटामी एवं भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष राजू जयसवाल जी ने की। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अमलेन्दु चक्रवर्ती तथा विधायक प्रतिनिधि निलेश पटले भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी।
इस आयोजन की एक बड़ी उपलब्धि बंगाली कैंप पुराना मार्केट क्षेत्र के लिए रही। यहाँ एक महत्वपूर्ण सामुदायिक भवन का निर्माण पिछले 5 वर्षों से अधूरा पड़ा था, जिसके कारण स्थानीय निवासियों को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा था। जनहित को ध्यान में रखते हुए, नगर पालिका प्रशासन ने इस अधूरे कार्य को पूर्ण करने हेतु निविदा (Tender) की प्रक्रिया पूरी की और अब इसका कार्य आधिकारिक रूप से शुरू कर दिया गया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चैतराम अटामी ने कहा:
“क्षेत्र का विकास हमारी साझा प्राथमिकता है। पिछले 5 वर्षों से जो कार्य अधूरे पड़े थे, उन्हें ढूंढ-ढूंढ कर पूर्ण किया जा रहा है। बंगाली कैंप में अधूरा पड़ा भवन इसका प्रमाण है। हम केवल घोषणाओं में नहीं, बल्कि धरातल पर काम करने में विश्वास रखते हैं। ये 30 कार्य बचेली की तस्वीर बदलने में मील का पत्थर साबित होंगे।”
नगर पालिका अध्यक्ष राजू जयसवाल ने कहा कि:
“नगर पालिका परिषद बचेली जन-आकांक्षाओं के अनुरूप कार्य कर रही है। हमने सुनिश्चित किया है कि अधोसंरचना और 15वें वित्त की राशि का उपयोग सीधे जनता की सुविधाओं के लिए हो। अधूरा पड़ा निर्माण कार्य, सौंदर्यीकरण तथा पेयजल संबंधित कार्य अब जल्द ही पूर्ण होकर जनता के उपयोग में आएगा।”
भूमि पूजन के दौरान दो प्रमुख मदों के तहत बजट का विवरण साझा किया गया:
अधोसंरचना मद: ₹228.89 लाख की लागत से 22 निर्माण कार्य।
15वाँ वित्त मद: ₹179.00 लाख की लागत से 08 महत्वपूर्ण कार्य।
ये कार्य संपूर्ण निकाय क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगे, जिसमें सड़क, नाली और सामुदायिक सुविधाएँ शामिल हैं।
कार्यक्रम के अंत में नगर पालिका उप अभियंता संतोष नेगी ने सभी कार्यों के बारे में जानकारी दी।

समारोह में मुख्य अतिथियों के साथ साथ नगरपालिका अधिकारी पी.टी.एम. कृष्णा राव, उप अभियंता संतोष कुमार नेगी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष पिंटू राम उइके, पार्षद धनसिंह नाग, विलासिनी नाग, दीपक सरकार, श्यामलाल सेठिया, गीतांजलि जायसवाल, लक्ष्मी पानी, मनोज सिंह, भाजपा मंडल महामंत्री सुदीप्ता मंडल, झलकी नाग, कोषाध्यक्ष सूरज जायसवाल, अर्नब चक्रवर्ती, नरेश चौहान बादल कुंडू, दिव्यो दुर्गा समेत गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। स्थानीय निवासियों ने वर्षों से रुके हुए कार्यों को पुनः प्रारंभ करने के लिए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।




