बचेली को मिली नई एंबुलेंस, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई गति


शा.प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से हरी झंडी दिखाकर सेवा में किया गया शामिल, सुदूर क्षेत्रों के मरीजों को मिलेगा त्वरित इलाज
दुर्जन सिंह
बचेली। नगर के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बचेली को जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) मद से एक नई एंबुलेंस प्रदान की गई है। गत सोमवार को इस एंबुलेंस को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बचेली से पालिकाध्यक्ष राजू जायसवाल द्वारा विधिवत हरी झंडी दिखाकर सेवा के लिए रवाना किया गया।

यह एंबुलेंस विशेष रूप से दूरस्थ और पहुंचविहीन क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगी। अब गंभीर स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में आसानी होगी, जिससे आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में तेजी आएगी और कई जिंदगियां बचाई जा सकेंगी। लंबे समय से क्षेत्र में आधुनिक एंबुलेंस की कमी महसूस की जा रही थी, जिससे मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
नई एंबुलेंस के जुड़ने से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी और स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा विस्तारित होगा। इससे विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल सहायता मिल सकेगी। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने क्षेत्रीय विधायक चैतराम अटामी तथा जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिल रही है।
इसके साथ ही यह भी उल्लेखनीय है कि इस एंबुलेंस की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी। नगर पालिका परिषद बचेली के अध्यक्ष राजू जायसवाल ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए लगातार प्रयास किए। दिनांक 06.08.2025 को राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराते हुए एम्बुलेंस की मंाग की गई थी। गौरतलब है की डीएमएफ (जिला खनिज संस्थान न्यास) मद से स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में दंतेवाड़ा जिले में वाहन चालकों की संविदा नियुक्ति का आदेश जारी किया गया है। इसके तहत बचेली, फरसपाल, छिंदनार और भूसारास जैसे चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में वाहन चालकों की पदस्थापना की गई है, जिससे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और तेज बनाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष अमलेंदु चक्रवर्ती, विधायक प्रतिनिधि निलेश पटले, पार्षदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी व अन्य उपस्थित रहे।




