छत्तीसगढ़

केंद्रीय विद्यालय बचेली में पारितोषिक वितरण समारोह संपन्न

दुर्जन सिंह

बचेली। केंद्रीय विद्यालय बचेली में आज दिनांक 30/04/2026 को पारितोषिक वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। सत्र 2025–26 के अंतर्गत आयोजित रचनात्मक अधिगम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को इस अवसर पर सम्मानित किया गया।
इस समारोह में चित्रकला, राखी निर्माण, विविध वेशभूषा, रंगोली, नृत्य, गायन एवं अन्य सहशैक्षिक प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम प्राचार्य श्री शेरसिंह राजपूत एवं प्रधानाध्यापिका ममता कुमारी की गरिमामयी अध्यक्षता में संपन्न हुआ। अपने आशीर्वचन में प्राचार्य महोदय ने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने हेतु प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियाँ बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी विजेता विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु हार्दिक बधाई दी।
प्रधानाध्यापिका ममता कुमारी ने अपने संदेश में विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों की कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति को नई दिशा प्रदान करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन सी.एल.ए. प्रभारी श्री शिवराज मीणा द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। इस सफल आयोजन में श्रीमती शक्ति भगत, श्रीमती तारा बाघ, श्रीमती अर्शी गुप्ता, श्री ओमप्रकाश, श्री संजीव सैनी एवं श्री तपेंद्र सिंह का विशेष सहयोग उल्लेखनीय रहा।
विद्यार्थियों के सहयोग एवं कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के सभी शिक्षकों के समर्पित प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके सहयोग से आयोजन सुव्यवस्थित एवं प्रभावी रूप से संपन्न हुआ। समारोह के अंत में विजेता विद्यार्थियों के चेहरों पर झलकती खुशी, उत्साह और आत्मगौरव ने पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया।

Related Articles

Back to top button