छत्तीसगढ़

कोरबा मेडिकल कॉलेज में बड़ी लापरवाही, पैर के ऑपरेशन में स्क्रू लगाना भूले डॉक्टर, उठे गंभीर सवाल

 कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चिकित्सकीय लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। सड़क दुर्घटना में घायल एक महिला के पैर का ऑपरेशन तो कर दिया गया, लेकिन डॉक्टर कथित तौर पर रॉड लगाने के बाद जरूरी स्क्रू लगाना ही भूल गए।

ऑपरेशन के बाद एक्सरे में खुली बड़ी चूक

जानकारी के अनुसार, छुरी निवासी भूरी मरकाम सड़क हादसे में घायल हुई थीं और उनके पैर की हड्डी टूट गई थी। उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन किया।

लेकिन ऑपरेशन के दो दिन बाद जब महिला की स्थिति जांचने के लिए एक्सरे कराया गया, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। रिपोर्ट में रॉड के ऊपरी हिस्से में स्क्रू दिखा, लेकिन नीचे का स्क्रू गायब पाया गया।

अस्पताल प्रशासन ने दी सफाई, दोबारा जांच की बात

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉक्टर गोपाल कंवर ने कहा कि एक्सरे में स्क्रू स्पष्ट नहीं दिख रहा है, इसलिए दोबारा एक्सरे कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थिति स्पष्ट होने के बाद जरूरत पड़ी तो दोबारा ऑपरेशन कर स्क्रू लगाया जाएगा।

लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल

इस घटना ने अस्पताल की कार्यप्रणाली और डॉक्टरों की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीज की सुरक्षा और इलाज की गुणवत्ता को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है।

मरीज की तकलीफ बढ़ी, जांच पर निगाहें

फिलहाल महिला का इलाज जारी है और अस्पताल प्रशासन मामले की जांच की बात कह रहा है। अब देखना होगा कि यह मामला तकनीकी गलती साबित होता है या वास्तविक लापरवाही का उदाहरण।

Related Articles

Back to top button