रायपुर : सुशासन तिहार 2026: चोंगरीबहार शिविर में 4 बच्चों का अन्नप्राशन और 8 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई संपन्न

महिला एवं बाल विकास विभाग की पहल से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मिला प्रोत्साहन
रायपुर, 14 मई 2026 : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में आयोजित “सुशासन तिहार 2026” के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविरों के माध्यम से न केवल आमजन की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है, बल्कि विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के जरिए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
इसी क्रम में कांसाबेल विकासखंड के ग्राम चोंगरीबहार में आयोजित सुशासन शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 4 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार तथा 8 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई। जनप्रतिनिधियों ने बच्चों और गर्भवती माताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और संस्थागत प्रसव के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों के समुचित पोषण, टीकाकरण और देखभाल के संबंध में भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हीरामती पैंकरा, जनपद पंचायत कांसाबेल की अध्यक्ष श्रीमती सरिता भगत, उपाध्यक्ष श्री प्रमोद गुप्ता, जनप्रतिनिधिगण सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाएं और सेवाएं गांव-गांव तक पहुंच रही हैं, जिससे नागरिकों को न केवल समस्याओं के समाधान का लाभ मिल रहा है, बल्कि स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों का भी सीधा लाभ प्राप्त हो रहा है।




