छत्तीसगढ़

Sushasan Tihar में मचा हड़कंप: मंच के सामने चली चाकू, सरपंच पर हमले से डोंगरगढ़ में अफरा-तफरी

 डोंगरगढ़: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ ब्लॉक स्थित ग्राम पलांदूर में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम उस समय अचानक तनाव में बदल गया, जब मंचीय कार्यक्रम के दौरान चाकूबाजी की घटना हो गई। इस हमले में गांव के सरपंच घायल हो गए, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और कुछ देर तक स्थिति पूरी तरह तनावपूर्ण बनी रही।

भाषण के दौरान अचानक किया हमला

जानकारी के मुताबिक सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान मंच से संबोधन चल रहा था। इसी बीच ग्राम पलांदूर निवासी जितेंद्र यादव (36 वर्ष) ने अचानक चाकू निकालकर हमला कर दिया।

हमले में सरपंच के हाथ में चोट आई है। घटना होते ही वहां मौजूद ग्रामीणों और अन्य लोगों ने तुरंत आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमले के पीछे की वजह पता लगाने में जुटी हुई है।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद कार्यक्रम कुछ समय के लिए बाधित भी हुआ।

सुशासन तिहार के बीच बढ़ा विवाद

यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब प्रदेशभर में सुशासन तिहार 2026 के तहत सरकार गांव-गांव शिविर लगाकर लोगों की समस्याओं के समाधान का दावा कर रही है।

सरकारी रिकॉर्ड और जनसंपर्क विभाग के मुताबिक इन शिविरों के जरिए प्रशासन सीधे ग्रामीणों से संवाद कर रहा है और मौके पर समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है।

डोंगरगढ़ में पहले भी हो चुका है विवाद

गौरतलब है कि डोंगरगढ़ क्षेत्र में सुशासन तिहार के दौरान विवाद की यह पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले पट्टे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अधिकारियों को घंटों बंधक बना लिया था।

उस दौरान हालात इतने बिगड़ गए थे कि पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी थी। अब चाकूबाजी की नई घटना ने एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button